समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर DRM दफ्तर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पर्दाफाश कर दिया है। DRM कार्यालय परिसर स्थित डीजी सेट (जनरेटर रूम) से कॉपर केबल काटकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए RPF ने दो युवकों को धर दबोचा। इतना ही नहीं, पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का कॉपर और कीमती रेलवे उपकरण खरीदने वाले घोष लेन स्थित एक बर्तन दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस पूरी संयुक्त छापेमारी के दौरान RPF ने भारी मात्रा में रेलवे का कॉपर वायर, केबल, स्प्लिट एसी का कॉपर पाइप, फिश बोल्ट और पेंड्रोल क्लिप समेत कई संवेदनशील रेल उपकरण बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज से खुला राज, एक्शन में आई RPF
घटना की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय स्थित डीजी सेट रूम से हुई। यहां बैकअप के लिए लगे मुख्य जनरेटर का कॉपर केबल और कई अन्य तार अज्ञात चोरों ने काट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अनुभाग अभियंता (विद्युत/वाह्य) समस्तीपुर ने फौरन RPF को लिखित सूचना दी।
सूचना मिलते ही RPF पोस्ट समस्तीपुर के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शशिकांत तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षक प्रभारी अविनाश क्रोशिया की देखरेख में जब इलाके के CCTV कैमरों की बारीकी से पड़ताल की गई, तो फुटेज में एक संदिग्ध युवक जनरेटर के पास लगे मोटे केबल को काटकर ले जाता हुआ साफ नजर आया। इसके बाद RPF की अपराध आसूचना शाखा (CIB) को भी सुराग जुटाने के लिए मैदान में उतार दिया गया।
मालगोदाम चौक के पास घेराबंदी, दो संदिग्ध दबोचे गए
मुखबिर से मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर RPF की विशेष टीम ने मालगोदाम चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज (उपरगामी पुल) के नीचे झाड़ियों में छापेमारी की। वहां संदिग्ध हालत में छिपे दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास मौजूद बोरों से रेलवे का चोरी गया भारी सामान बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- हिमांशु कुमार उर्फ कुकु: बारह पत्थर, वार्ड संख्या-35, नगर थाना क्षेत्र, समस्तीपुर।इसके पास से: प्लास्टिक के बोरे में करीब 7 मीटर (1.5 MM) पीला कॉपर वायर, 6 मीटर लाल कॉपर वायर, एल ब्रेकेट, दो फिश बोल्ट, एक रेल क्लोजर, दो पेंड्रोल क्लिप और रेलवे कोच में इस्तेमाल होने वाली EFT चार्जिंग प्लेट बरामद हुई।
- सुनील कुमार उर्फ शूटर (23 वर्ष): बारह पत्थर, वार्ड संख्या-35, समस्तीपुर।इसके पास से: करीब 20 मीटर (6 MM) कॉपर वायर, 18 मीटर (10 MM) कॉपर वायर, दो पेंड्रोल क्लिप, स्प्लिट एसी का कॉपर पाइप, दो अन्य मोटे पाइप और 4 मीटर अतिरिक्त तार बरामद किया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, बर्तन दुकान पर चला RPF का डंडा
हिरासत में लेकर की गई कड़ी पूछताछ में दोनों युवकों ने DRM कार्यालय से जनरेटर का केबल काटने की बात स्वीकार की। इसके अलावा उन्होंने रेलवे परिसर में लगे एसी के पाइप और वायरिंग चुराने की पिछली वारदातों का भी खुलासा किया।
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का यह सारा तांबा और मेटल घोष लेन स्थित गोलू कुमार की बर्तन दुकान पर औने-पौने दाम में बेचते थे। इसके बाद RPF टीम ने समस्तीपुर नगर थाना पुलिस को साथ लेकर घोष लेन में गोलू कुमार की दुकान पर दबिश दी।
मौके पर आरोपी सुनील की निशानदेही पर दुकान के पिछले हिस्से में सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखा गया चोरी का माल बरामद कर लिया गया। यहां से करीब 3 किलोग्राम मोटा व पतला कॉपर पाइप, 4 मीटर (8 MM) कॉपर वायर और आधा मीटर (10 MM) कॉपर वायर मिला। दुकानदार गोलू कुमार ने भी सुनील से यह सामान खरीदने की बात कबूल कर ली।
कानूनी प्रक्रिया पूरी, भाई को सुपुर्दगी में दी गई दुकान
RPF ने दोपहर करीब 2:40 बजे दुकानदार गोलू कुमार को हिरासत में ले लिया। दुकान की विधिवत तलाशी और जब्ती सूची तैयार करने के बाद, वहां मौजूद नकदी और शेष घरेलू बर्तनों को दो स्वतंत्र गवाहों के सामने गोलू के भाई विक्की कुमार को जिम्मेनामा तैयार कर सौंप दिया गया।
RPF अधिकारियों का कहना है कि रेलवे संपत्ति की चोरी और उसकी अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।