बिहार के जहानाबाद जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर चल रहे अवैध धंधों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। गुप्त सूचना के आधार पर एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश और सदर एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में शहर के छह अलग-अलग होटलों में एक साथ छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों और उनमें छिपे असामाजिक तत्वों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
स्टेशन रोड और अरवल मोड़ पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस टीमों ने स्टेशन रोड, फिदा हुसैन मोड़ और अरवल मोड़ के पास स्थित प्रमुख रेस्ट हाउस और होटलों के कमरों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान कई कमरों से दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों को संदिग्ध और आपत्तिजनक हालत में हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन जगहों पर लंबे समय से अवैध और अनैतिक गतिविधियों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह औचक अभियान चलाया गया।
आगे की कार्रवाई पर क्या बोली पुलिस?
फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी युवकों और युवतियों से नगर थाने में पूछताछ की जा रही है। सदर एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने साफ शब्दों में कहा है कि जांच के दौरान अगर किसी की भी संलिप्तता सेक्स रैकेट या गैरकानूनी गतिविधियों में नहीं पाई जाती है, तो उनके परिजनों को थाने बुलाकर पीआर बॉन्ड (मुचलके) पर छोड़ दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस उन होटल मालिकों और प्रबंधकों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है, जिनकी शह पर ये अवैध गतिविधियां चल रही थीं।