समस्तीपुर के दो मेधावी छात्र राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयनित, ‘नेक्सोरा’ प्रोजेक्ट ने बिखेरा जलवा

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक गर्व करने वाली खबर सामने आई है। मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल के दो होनहार छात्रों का चयन 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए हुआ है। कक्षा 10वीं के छात्र श्वेतांक संचित और अभिनव कुमार ने अपने शानदार और अभिनव विज्ञान प्रोजेक्ट ‘नेक्सोरा’ के जरिए यह बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से पूरे स्कूल परिसर और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जिला और राज्य स्तर पर लहराया परचम

सफर की शुरुआत समस्तीपुर और पटोरी अनुमंडल स्तर से हुई थी, जिसके बाद तिरहुत एकेडमी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके बाद, 1 से 3 नवंबर तक बेगूसराय के माउंट लिट्रा हाई स्कूल में राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया।

इस कड़ी प्रतियोगिता में श्वेतांक और अभिनव ने अपने प्रोजेक्ट ‘नेक्सोरा’ और बेहतरीन वैज्ञानिक सोच से वहां मौजूद जजों (निर्णायक मंडल) को पूरी तरह प्रभावित किया। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए तय किया गया।

स्कूल में हुआ भव्य स्वागत

बुधवार को विद्यालय की प्रार्थना सभा में दोनों बाल वैज्ञानिकों का शिक्षकों और सहपाठियों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन, निदेशिका नैना रंजन, प्राचार्य अमृत रंजन समेत तमाम शिक्षकों ने दोनों छात्रों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य अमृत रंजन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. एसके अहमद और सरोज कुमार के बेहतरीन मार्गदर्शन को दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top