पटना: बिहार की उच्च शिक्षा और अध्यापन व्यवस्था को आधुनिक जरूरतों के मुताबिक ढालने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। राज्यपाल सचिवालय (बिहार लोक भवन) की तरफ से प्रदेश के सभी प्रमंडलीय आयुक्तों को फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) के आयोजन को लेकर पत्र भेजा गया है। 20 नवंबर 2026 को जारी इस पत्र पर राज्यपाल के सचिव रचना पाटिल के हस्ताक्षर हैं, जिसमें बताया गया है कि राज्यपाल की पहल पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
बदलते दौर की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे शिक्षक
इस कार्यक्रम का मुख्य मकसद शिक्षकों को नए सिलेबस, पढ़ाने के आधुनिक तरीकों और मूल्यांकन से जुड़ी नई चुनौतियों के लिए तैयार करना है। यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालय विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में आयोजित किया जाएगा, जिससे उच्च शिक्षा के स्तर को और मजबूत किया जा सके।
हर जिले में कम से कम एक कार्यक्रम का दौरा करेंगे प्रो. त्रिपाठी
पत्र में यह अहम जानकारी भी दी गई है कि इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर्स एजुकेशन (IUCTE, UGC, MoE, भारत सरकार) के संस्थापक निदेशक प्रो. बी.के. त्रिपाठी को फैकल्टी एक्सीलेंस एंड एकेडमिक डेवलपमेंट (FEAD) के लिए राज्यपाल का सलाहकार नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम को बेहतर और असरदार तरीके से चलाने की निगरानी के लिए प्रो. त्रिपाठी बिहार के हर जिले में कम से कम एक FDP का दौरा करेंगे।
आयुक्तों को मिलेगी समय से सूचना, सत्रों में होंगे शामिल
राज्यपाल सचिवालय ने उम्मीद जताई है कि प्रमंडल मुख्यालय वाले जिले में होने वाले कार्यक्रम की जानकारी संबंधित आयुक्त को पहले से रहे। इससे वे कार्यक्रम की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सकेंगे और उद्घाटन या समापन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर भी शामिल हो सकेंगे। इसके लिए संबंधित विश्वविद्यालय या कॉलेज की ओर से FDP और सलाहकार के दौरे की जानकारी पहले ही आयुक्त कार्यालय को दे दी जाएगी।
