नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE-Main 2027 के जनवरी सेशन के लिए आवेदन की दौड़ अब आखिरी चरण में पहुंच गई है। आखिरी तारीख नजदीक आते ही रजिस्ट्रेशन की रफ्तार में जबरदस्त तेजी आई है और हर दिन 1 लाख से ज्यादा छात्र फॉर्म भर रहे हैं। अब तक कुल रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 13.50 लाख के पार जा चुका है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से करीब 2.10 लाख स्टूडेंट्स ने अब तक परीक्षा शुल्क (फीस) जमा नहीं किया है।
फीस भरने वालों और रजिस्ट्रेशन में बड़ा अंतर
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के आंकड़ों के मुताबिक, 21 नवंबर दोपहर 12 बजे तक 13 लाख 29 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके थे। इनमें से केवल 11 लाख 19 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा शुल्क भरा। यानी रजिस्ट्रेशन कराने वाले लगभग 16 फीसदी (करीब 2.10 लाख) छात्रों ने अभी तक भुगतान नहीं किया है। एनटीए की ओर से छात्रों को वक्त रहते आवेदन पूरा करने के लिए लगातार अलर्ट और सूचनाएं भेजी जा रही हैं।
बिना लेट फीस आज आखिरी दिन, 26 नवंबर तक लेट फीस के साथ मौका
जेईई-मेन 2027 के पहले सेशन के लिए बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की आखिरी तारीख 22 नवंबर तय की गई है। हालांकि, जो अभ्यर्थी इस तय समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें एनटीए ने एक अतिरिक्त मौका भी दिया है। छात्र 500 रुपये लेट फीस के साथ 26 नवंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ अभय कुमार के अनुसार, यदि किसी छात्र का परीक्षा शुल्क जमा नहीं होता है, तो उसका आवेदन अपने आप रद्द मान लिया जाएगा।
दोबारा रजिस्ट्रेशन और आधार मिसमैच क्यों बन रहे वजह?
पहली बार इतनी बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां रजिस्ट्रेशन के बाद फीस जमा नहीं हो रही है। विशेषज्ञ अमित आहूजा बताते हैं कि इस बार एनटीए ने आवेदन की प्रक्रिया में कई बदलाव किए हैं और गलती होने पर दोबारा आवेदन करने का विकल्प भी दिया है।
इस वजह से कई छात्र नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, माध्यम या कैटेगरी से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी होने पर फीस नहीं भर रहे और नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। इसके अलावा लाइव फोटो मिसमैच होने और आधार में बाद में फोटो या नाम अपडेट कराने के बावजूद पुराने आधार विवरण के आधार पर फॉर्म भरने के कारण भी छात्र दोबारा रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।
27 से 29 नवंबर तक खुलेगी करेक्शन विंडो
अमित आहूजा ने छात्रों को सलाह दी है कि हर छोटी गलती पर बार-बार नया फॉर्म भरने से बचें। जिन गलतियों को तय नियमों के तहत करेक्शन विंडो में ठीक किया जा सकता है, उनके लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन करना बेवजह की परेशानी बढ़ा सकता है। एनटीए की वेबसाइट पर करेक्शन विंडो 27 से 29 नवंबर तक खुली रहेगी, जहां छात्र अपने आवेदन में जरूरी सुधार कर सकेंगे।
