देश के लाखों इंजीनियरिंग के छात्रों का सपना पूरा करने वाली सबसे बड़ी परीक्षा—जेईई-मेन (JEE Main) को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आवेदन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और आसान बना दिया है। परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान छात्रों के मन में उठने वाले तमाम उलझनों और संशयों को दूर करने के लिए NTA ने 35 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब के साथ एक विस्तृत FAQ जारी किया है। इसमें आवेदन से लेकर करेक्शन, कैटेगरी सर्टिफिकेट और परीक्षा केंद्र के चयन तक के हर पेंच को पूरी तरह साफ कर दिया गया है।
‘मेरी पहचान’ और डिजिलॉकर का अनिवार्य उपयोग
कैरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा के मुताबिक, इस साल की आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए छात्रों की डिटेल्स ‘मेरी पहचान’ प्लेटफॉर्म के जरिए ली जा रही हैं। इसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नेशनल सिंगल साइन ऑन प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इसके साथ ही, विद्यार्थियों को अपने डिजिलॉकर खाते पर भी सभी जानकारियां पूरी तरह अपडेट रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि यदि किसी विद्यार्थी के पास ‘अपार आईडी’ नहीं है, तब भी वे बिना किसी परेशानी के आसानी से अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
7.86 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, 22 नवंबर है आखिरी तारीख
अगर आवेदन के आंकड़ों की बात करें, तो छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 7 लाख 86 हजार 681 विद्यार्थियों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। इनमें से करीब 5 लाख 94 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा शुल्क जमा कर अपनी प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि लगभग 1.92 लाख विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं की है।
NTA ने ऐसे सभी अभ्यर्थियों को सख्त सलाह दी है कि वे 22 नवंबर की अंतिम तिथि से पहले हर हाल में अपनी फीस जमा कर दें, वरना उनका आवेदन रद्द किया जा सकता है। तय समय के बाद विद्यार्थी 500 रुपये के लेट फीस (विलंब शुल्क) के साथ 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
छात्रों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और राहतभरे विकल्प
- कैटेगरी सर्टिफिकेट: जिन विद्यार्थियों के श्रेणी प्रमाण-पत्र (Category Certificate) अभी तक बनकर तैयार नहीं हुए हैं, वे घबराएं नहीं। वे प्रमाण-पत्र के लिए दिए गए आवेदन की रसीद के आधार पर फॉर्म भर सकते हैं। बस इसके लिए रसीद पर मौजूद रजिस्ट्रेशन नंबर, तारीख और अधिकारी का नाम सही-सही दर्ज करना होगा।
- गलती होने पर नया विकल्प: यदि फॉर्म भरते वक्त नाम, आधार, शैक्षणिक विवरण या फोटो में कोई त्रुटि हो जाती है, तो छात्र नया रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। नया आवेदन ही अंतिम माना जाएगा। इसके अलावा आगे करेक्शन विंडो का विकल्प भी दिया जाएगा।
- परीक्षा शहर का चयन: परीक्षा शहरों का चुनाव विद्यार्थी अपने वर्तमान और स्थायी पते के राज्यों के आधार पर ही कर सकेंगे। इसका आधार कार्ड के पते से कोई सीधा संबंध नहीं होगा।
- स्ट्रिक्ट नियम: परीक्षा हॉल के अंदर किसी भी छात्र को कैलकुलेटर के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जाएगी।
