Sunday, 22 November 2026 बिहार की हर खबर, सबसे पहले
ताज़ा खबर

समस्तीपुर के स्कूलों और कॉलेजों में गूंजेगा नशामुक्ति का संदेश, 25 नवंबर तक चलेंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम; देखें पूरा शेड्यूल

रिपोर्टर Manoj Jha 20 November 2026 2 मिनट पढ़ने का समय

समस्तीपुर: युवाओं और छात्र-छात्राओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए समस्तीपुर जिले में एक बड़ी पहल शुरू की गई है। जिले के सभी उच्च विद्यालयों और कॉलेजों में ‘नशामुक्ति बिहार अभियान’ के तहत 18 नवंबर 2026 से 25 नवंबर 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बिहार शिक्षा परियोजना, समस्तीपुर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह फैसला 3 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद लिया गया है।

चेतना सत्र में ली जाएगी शपथ, होंगी निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं

तय कार्यक्रम के तहत सभी स्कूलों और कॉलेजों के चेतना सत्र (Assembly) में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों की रचनात्मकता के जरिए संदेश फैलाने के लिए निबंध लेखन (Essay) और चित्रकला (Painting) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रखंडवार कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल (18 से 25 नवंबर 2026)

शिक्षा विभाग ने अलग-अलग प्रखंडों के लिए तारीखें तय कर दी हैं, जिनका विवरण नीचे दिया गया है:

  • 18 नवंबर 2026: विभूतिपुर, बिथान, दलसिंहसराय एवं हसनपुर
  • 19 नवंबर 2026: कल्याणपुर, खानपुर, मोहनपुर एवं मोहिउद्दीननगर (मो०नगर)
  • 20 नवंबर 2026: मोरवा, पटोरी एवं पूसा
  • 21 नवंबर 2026: रोसड़ा, समस्तीपुर एवं सरायरंजन
  • 23 नवंबर 2026: शिवाजीनगर, सिंघिया एवं ताजपुर
  • 25 नवंबर 2026: उजियारपुर, विद्यापतिनगर एवं वारिसनगर

फोटो और वीडियो क्लिप भेजना अनिवार्य, लापरवाही पर सख्ती

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान), समस्तीपुर ने जिले के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को साफ निर्देश दिया है कि वे तय तारीखों पर अपने संस्थानों में हर हाल में ये कार्यक्रम कराएं।

आयोजन के बाद इसकी फोटो और वीडियो क्लिप प्रखंड कार्यालय के माध्यम से जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को भी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में कार्यक्रम की निगरानी करने और रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। इस आदेश की कॉपी मद्य-निषेध विभाग के अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिलाधिकारी (DM) को भी भेजी गई है।

इस खबर को शेयर करें