समस्तीपुर/पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब माहवारी स्वच्छता और सम्मान को लेकर एक नई जागरूकता (Period Friendly Bihar ) की शुरुआत होने जा रही है। राज्यभर के सरकारी विद्यालयों में 25 मई से 30 मई 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान “Together for a #PeriodFriendlyBihar” चलाया जाएगा। इस अभियान का मकसद सिर्फ किशोरियों को जागरूक करना नहीं, बल्कि समाज में माहवारी से जुड़ी झिझक, शर्म और गलत धारणाओं को खत्म करना भी है।
यह पहल वैश्विक मिशन “Together for a #PeriodFriendlyWorld” से प्रेरित है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (BEPC) ने इसे राज्य के सभी मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में लागू करने का निर्देश दिया है।
राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को इस अभियान को गंभीरता से लागू करने का आदेश दिया है। अभियान का मुख्य आकर्षण 28 मई को मनाया जाने वाला विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस (Menstrual Hygiene Day) होगा।
माहवारी को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर
इस (Period Friendly Bihar ) अभियान के जरिए किशोरियों को माहवारी से जुड़ी सही जानकारी दी जाएगी ताकि वे बिना डर और झिझक के अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। साथ ही परिवार और समुदाय को भी यह समझाने की कोशिश होगी कि माहवारी कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है।
इस बार अभियान में Solid Waste Management (SWM) Rules 2026 को भी खास तौर पर शामिल किया गया है। स्कूलों में बच्चों को गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने और सैनिटरी वेस्ट के सुरक्षित निपटान की जानकारी दी जाएगी।
छह दिनों तक चलेंगी अलग-अलग गतिविधियां
डीपीओ एसएसए जमालुद्दीन के अनुसार, हर दिन स्कूलों में अलग-अलग थीम पर गतिविधियां आयोजित होंगी।
- 25 मई: कक्षा 6 से ऊपर की छात्राओं के लिए शरीर में बदलाव और माहवारी स्वच्छता पर विशेष सत्र।
- 26 मई: “Boys as Period Allies” कार्यक्रम के तहत लड़कों को माहवारी के प्रति संवेदनशील बनाने और बुलिंग रोकने पर चर्चा।
- 27 मई: SWM Rules 2026 के तहत कचरा प्रबंधन और “Four Bin Game” गतिविधि।
- 28 मई: विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा, शपथ और “Red Dot Challenge”।
- 29 मई: स्कूलों में रेड बिन, पानी, साबुन और प्राइवेसी की व्यवस्था की जांच।
- 30 मई: कक्षा 6 से 10 तक के बच्चों के लिए माहवारी जागरूकता क्विज प्रतियोगिता।
पोस्टर, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताएं भी होंगी
Period Friendly Bihar अभियान के दौरान स्कूलों में पोस्टर, चित्रकला, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही IEC सामग्री के जरिए बच्चों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम को “अत्यावश्यक” श्रेणी में रखा है। सभी स्कूलों को अभियान समाप्त होने के बाद फोटो और रिपोर्ट राज्य कार्यालय को भेजनी होगी।
अभियान के 5 बड़े संदेश
- माहवारी प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसमें शर्म की कोई बात नहीं।
- हर लड़की को पहली माहवारी से पहले सही जानकारी मिलनी चाहिए।
- सैनिटरी उत्पादों का सुरक्षित उपयोग और सही निपटान जरूरी है।
- लड़के और पुरुष भी माहवारी सम्मान के अहम साथी हैं।
- अत्यधिक दर्द या अनियमित माहवारी होने पर स्वास्थ्यकर्मियों से सलाह लेनी चाहिए।