दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, समस्तीपुर में सनसनी और कोहराम

समस्तीपुर/बिहार स्कैन

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान घाट नवादा निवासी राजकुमार पोद्दार के पुत्र राजेश कुमार पोद्दार के रूप में की गई है।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी

मिली जानकारी के मुताबिक, राजेश कुमार पोद्दार काली चौक स्थित अपनी स्वर्ण आभूषण की दुकान बंद करके पगड़ा गांव स्थित अपने नवनिर्मित मकान लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 8:10 बजे जैसे ही वे वार्ड संख्या नौ स्थित काली स्थान के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस महकमे में हड़कंप, आला अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन, दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top