समस्तीपुर: जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ मुफस्सिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब दो साल पहले 15 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने वाले एक बिचौलिये को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपित लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचकर चल रहा था।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मोरसंड गांव निवासी चंद्रदेव राय के बेटे शीलचंद्र राय के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
यह पूरा मामला 30 जुलाई 2024 का है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के हरपुर जयराम गांव के रहने वाले सौरभ कुमार की पत्नी अंचला कुमारी ने मुफस्सिल थाने में एक लिखित आवेदन दिया था।
पीडि़ता ने आरोप लगाया था कि आरोपित शीलचंद्र राय ने शहर के धरमपुर हाई स्कूल के दक्षिण दिशा में जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपये ऐंठे थे। पैसे लेने के बाद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाने का दरवाजा खटखटाया था।
पुलिस की सख्त चेतावनी
आवेदन मिलने के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के अन्य ठगों में भी हड़कंप मच गया है।