मुजफ्फरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने साल 2026 के लिए शहर के प्रमुख छठ घाटों और पोखरों की श्रेणीवार सूची जारी कर दी है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच प्रशासन ने शहर के 2 घाटों को ‘खतरनाक’ और 11 घाटों व पोखरों को ‘संवेदनशील’ की कैटेगरी में रखा है।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, अखाड़ाघाट (वार्ड 14) और चंदवारा स्थित जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज घाट (वार्ड 45) को सबसे खतरनाक घोषित किया गया है। इन दोनों जगहों पर पानी की अत्यधिक गहराई और अन्य जोखिमों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके अलावा, सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, सूर्य मंदिर घाट, लकड़ीढाई घाट और दादर घाट को संवेदनशील माना गया है। साथ ही, साहू पोखर, पड़ाव पोखर, विश्वविद्यालय पोखर, रामदयालु पोखर, तीन पोखरिया और ब्रह्मपुरा पोखर सहित कुल छह पोखरों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
सामान्य श्रेणी में कौन-कौन से घाट शामिल?
दूसरी ओर, सुरक्षा और सुगमता के लिहाज से बीबीगंज पोखर, परिवार नियोजन घाट, आईजी घाट, करबला घाट, साहब घाट और सुकन घाट को सामान्य घोषित किया गया है। इन सामान्य स्थानों पर भी स्थानीय प्रशासन की नजर रहेगी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नगर निगम और जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि खतरनाक और संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इन सभी स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी (फ्लाइट्स और जनरेटर), चेंजिंग रूम और एनडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों की विशेष तैनाती होगी, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
प्रशासन ने सभी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे सुरक्षा के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और भूलकर भी खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर अर्घ्य देने न जाएं।
