सोमवार देर रात समस्तीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लख्खी चौक के पास एक बेलगाम पिकअप ने बाइक सवार समस्तीपुर नगर परिषद के पूर्व सभापति और जन सुराज नेता तारकेश्वर नाथ गुप्ता (55 वर्ष) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस भयानक हादसे में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
हादसा उस वक्त हुआ जब तारकेश्वर नाथ गुप्ता केवश निजामत गांव में काली पूजा में शामिल होने के बाद अपनी बाइक से वापस समस्तीपुर लौट रहे थे। लख्खी चौक मोड़ के पास समस्तीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने पहले उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुआ निधन
टक्कर इतनी भयानक थी कि वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद परिवार वाले बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मौका पाकर पिकअप चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आधी रात को ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
राजनीतिक सफर और समाज में गहरी पकड़
तारकेश्वर नाथ गुप्ता समस्तीपुर नगर परिषद के पिछले कार्यकाल में सभापति रह चुके थे। नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद उन्होंने प्रभारी सभापति के रूप में भी बखूबी जिम्मेदारी संभाली थी। कुछ समय पहले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने राजद का दामन छोड़कर जन सुराज पार्टी ज्वाइन कर ली थी और पार्टी में काफी सक्रिय थे। वह समस्तीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट के मजबूत दावेदार भी माने जा रहे थे।
उनकी अचानक हुई इस मौत से समस्तीपुर के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
