दीपावली की रात जमकर हुई आतिशबाजी का असर अब शहर की हवा पर साफ दिखने लगा है। पटाखों के धुएं और जहरीले कणों की वजह से समस्तीपुर की आबोहवा अचानक बेहद खराब हो गई। दीपावली की रात शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI उछलकर सीधे 300 के करीब पहुंच गया, जिससे शहर की हवा सांस लेने लायक नहीं बल्कि भारी प्रदूषण की चपेट में आ गई।
आंकड़ों पर गौर करें तो दीपावली की शाम करीब 5 बजे शहर का AQI 167 दर्ज किया गया था। लेकिन रात गहराते ही जैसे-जैसे आतिशबाजी तेज हुई, कुछ ही घंटों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर जा पहुंचा। इससे साफ है कि पटाखों के धुएं ने पर्यावरण और हवा को किस हद तक दूषित किया है।
सुबह होते-होते मिली थोड़ी राहत
समस्तीपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बने ‘अनवरत परिवेशीय वायु गुणवत्ता प्रबोधन केंद्र’ के टेक्नीशियन अमर कुमार ने बताया कि AQI में हुई इस अचानक बढ़ोतरी की मुख्य वजह दीपावली की रात बड़े पैमाने पर छोड़े गए पटाखे हैं। पटाखों से निकले धुएं और खतरनाक सूक्ष्म कणों ने हवा की सेहत बिगाड़ दी।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि सोमवार की सुबह होते-होते हवा की स्थिति में कुछ सुधार जरूर देखा गया और AQI वापस 200 के नीचे आ गया। इसके बावजूद, दीपावली की रात प्रदूषण का इस तरह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना पर्यावरणविदों और आम लोगों के लिए चिंता का बड़ा विषय बन गया है।
