Wednesday, 11 November 2026 बिहार की हर खबर, सबसे पहले

समस्तीपुर में पुलिस का एक्शन प्लान: एसएसपी ने अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी, छठ पूजा पर बंद घरों की सुरक्षा होगी पुख्ता

रिपोर्टर Manoj Jha 10 November 2026 3 मिनट पढ़ने का समय

समस्तीपुर: जिले में अपराध का ग्राफ नीचे लाने और पेंडिंग पड़े मुकदमों का जल्द निपटारा करने के लिए एसएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर आपराधिक कांडों के खुलासे में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

पुलिस लाइन में हुई इस अहम बैठक में ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन सहित जिले के सभी थानों के थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने एक-एक थानेवार अपराध की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन, आरोपियों की धर-पकड़ और गंभीर अपराधों में पुलिस अब तक क्या कार्रवाई की है, इसका ब्यौरा लिया। जो मामले अब तक अनसुलझे हैं, उनके खुलासे के लिए एसएसपी ने विशेष टीमें बनाकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा है।

गश्त बढ़ाएं और अपराधियों पर रखें नजर: एसएसपी

एसएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस को ग्राउंड लेवल पर और अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। सभी थानेदारों को अपने-अपने इलाकों में नियमित गश्त (Patrolling) सुनिश्चित करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने की हिदायत दी गई है। बैठक में दीपावली के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस टीम की सराहना भी की गई।

‘आने वाले त्योहारों में भी रहे सतर्कता’

एसएसपी ने पर्व के दौरान बेहतर पुलिसिंग और आपसी समन्वय के लिए सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी छठ महापर्व को देखते हुए इसी तरह की सतर्कता और तत्परता बनाए रखने की आवश्यकता है। किसी भी तरह की छोटी-बड़ी सूचना मिलने पर तत्काल एक्शन होना चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा एसएसपी ने थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनकी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार रखने और जनता का विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया।

छठ पूजा पर पुलिस का खास पहरा

छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष कमर कसी है। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और विशेष रूप से बंद पड़े घरों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान कई परिवार पूजा के लिए घाटों पर या अपने गांव चले जाते हैं, जिससे उनके घरों में चोरी की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।

एसएसपी ने निर्देश दिया है कि थाना क्षेत्र के उन मोहल्लों और इलाकों को चिह्नित किया जाए, जहां पर्व के दौरान बड़ी संख्या में घर खाली रहते हैं। ऐसे घरों के आसपास नियमित पुलिस गश्त कराई जाए। रात्रि गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इस खबर को शेयर करें