बिहार के सरकारी स्कूलों की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है। स्कूली शिक्षा को आधुनिक, डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक क्रांतिकारी पहल की है। समस्तीपुर समेत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बच्चों के लिए पाठ योजना (Lesson Plan), प्रश्नपत्र, क्विज और अभ्यास सामग्री तैयार करेंगे। शिक्षा विभाग के इस नए निर्देश से न केवल शिक्षकों के बहुमूल्य समय की बचत होगी, बल्कि क्लासरूम में पढ़ाई का स्तर भी काफी ऊंचा उठेगा।
चुटकियों में तैयार होगी कस्टमाइज्ड शिक्षण सामग्री
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अब जिले के शिक्षकों और छात्रों को एआई टूल्स के इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस आधुनिक तकनीक की मदद से शिक्षक किसी भी कक्षा और विषय के अनुकूल वर्कशीट और मॉडल टेस्ट पेपर अब महज कुछ सेकंड में तैयार कर सकेंगे।
इसके अलावा, कठिन से कठिन अध्यायों को आसान भाषा में समझाना और हर छात्र की सीखने की क्षमता के अनुसार अलग-अलग अभ्यास सामग्री बनाना अब बेहद आसान हो गया है। दूसरी ओर, जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी भी स्कूलों के डेटा एनालिसिस और प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार करने में इस तकनीक का भरपूर उपयोग करेंगे।
शिक्षकों ने सराहा, बताया ‘डिजिटल क्रांति’
इस नई पहल को लेकर शिक्षकों और प्राचार्यों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के आरएसबी इंटर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ललित कुमार घोष का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में एआई का यह उपयोग एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि पहले एक रोचक पाठ योजना या वर्कशीट बनाने में घंटों लग जाते थे, लेकिन अब एआई की मदद से मिनटों में बेहतरीन सामग्री तैयार हो जाती है, जिससे हमारा अधिकांश समय बच्चों को पढ़ाने में लग पाता है।
वहीं, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियाँ सूर्यकंठ के एचएम सौरभ कुमार का मानना है कि क्लासरूम में सभी बच्चों की सीखने की रफ्तार एक जैसी नहीं होती। एआई आधारित टूल्स की मदद से अब हर बच्चे की क्षमता के अनुसार सरल उदाहरण और अभ्यास सामग्री तैयार करना आसान हो गया है, जो एक वर्चुअल ‘सहायक शिक्षक’ की तरह काम कर रहा है। तकनीकी एकीकरण की इस पहल से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और एक उज्जवल भविष्य की बेहतर सौगात मिलने जा रही है।
