समस्तीपुर: जिले के समस्तीपुर प्रखंड के सरकारी स्कूलों में ‘मिशन कायाकल्प’ के तहत चल रहे विकास कार्यों में सुस्ती बरतने वाले विद्यालय प्रधानों पर शिक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) रितेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड के 46 प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों से स्पष्टीकरण (Show Cause) मांगा है।
समीक्षा में खुली पोल, तय तारीख तक शुरू ही नहीं हुआ काम
जारी पत्र के मुताबिक, मुख्य सचिव, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (SSA) के पूर्व निर्देशों के तहत 20 नवंबर 2026 को प्रखंड के सभी स्कूलों में मिशन कायाकल्प के कार्यों की समीक्षा की गई थी। निगरानी रिपोर्ट के आधार पर यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि चिन्हित कई विद्यालयों में अब तक काम शुरू ही नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग ने इसे बेहद खेदजनक बताते हुए काम के प्रति उदासीनता और विभागीय आदेशों की अनदेखी माना है।
बीईओ ने साफ किया कि कार्यालय की ओर से लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, फोन कॉल और अन्य माध्यमों से समय पर काम पूरा करने की हिदायत दी जाती रही है। इसके बावजूद 20 नवंबर तक काम शुरू न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
24 घंटे में काम शुरू करने का आदेश, वरना होगी कार्रवाई
इस मामले में सख्त तेवर दिखाते हुए संबंधित स्कूल प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि वे अगले 24 घंटे के भीतर काम शुरू करें और प्रगति रिपोर्ट के साथ अपना स्पष्टीकरण कार्यालय में जमा करें। साथ ही, मिशन कायाकल्प के सभी निर्धारित कार्यों को हर हाल में पूरा करने का आदेश दिया गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में काम पूरा नहीं हुआ या संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो दोषी हेडमास्टरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रधान की होगी।
क्या है ‘मिशन कायाकल्प’ और क्यों है इतना खास?
बिहार के सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शैक्षणिक योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए जिला प्रशासन को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। अब जिलाधिकारी (DM) के नेतृत्व में मिशन कायाकल्प, समग्र शिक्षा, पीएम श्री विद्यालय, छात्रावास और स्कूल निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा हो रही है।
मिशन कायाकल्प के तहत सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए इन सुविधाओं को दुरुस्त करना अनिवार्य है:
- स्कूल भवन का रंग-रोगन और परिसर की साफ-सफाई।
- छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था।
- कक्षाओं में पर्याप्त बेंच-डेस्क, बिजली और रसोई घर (किचेन शेड)।
- खेल सामग्री और स्कूल की सुरक्षित चहारदीवारी।
इन कामों के लिए शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा अभियान के तहत राशि जारी की जा चुकी है, जिसकी निगरानी डीएम के निर्देशन में डीईओ और डीपीओ कर रहे हैं। इसके साथ ही स्कूलों में खेल सुविधाओं के विस्तार, पीएम पोषण योजना के बेहतर संचालन, मशाल-2026 खेल प्रतियोगिता की तैयारियों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर भी प्रशासन की पैनी नजर है।
