Tuesday, 24 November 2026 बिहार की हर खबर, सबसे पहले
ताज़ा खबर

बिहार में सुबह-सुबह भूकंप के झटके: पटना, समस्तीपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में कांपी धरती, जानें कहां था केंद्र

रिपोर्टर Manoj Jha 24 November 2026 2 मिनट पढ़ने का समय

पटना: बिहार में मंगलवार की सुबह अचानक धरती हिलने से कई जिलों में हलचल मच गई। सुबह-सुबह आए भूकंप के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल के कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के अलावा पड़ोसी देशों—नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।

​सुबह 7:05 बजे कांपी धरती, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं

​मिली जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर 2 से 3 सेकंड तक हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक जमीन हिलने से लोग कुछ पलों के लिए सहम गए और घरों से बाहर निकल आए।

​समस्तीपुर के अलावा मधुबनी, दरभंगा, पटना, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई जिलों में झटके महसूस किए जाने की सूचना मिली है। इसके साथ ही सिक्किम और सिलीगुड़ी में भी धरती के कांपने की खबर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिहार में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स में भूकंप की तीव्रता 5.4 मैग्निट्यूड बताई जा रही है।

​कहां था भूकंप का केंद्र?

​शुरुआती सिस्मिक आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया है। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे आंकी गई है।

​बताया जा रहा है कि यह केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर से लगभग 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। वहीं, भूटान की राजधानी थिम्पू से इसकी दूरी करीब 175 किलोमीटर और नेपाल की राजधानी काठमांडू से लगभग 254 किलोमीटर पूर्व बताई गई है।

इस खबर को शेयर करें