पटना: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को विशेष निगरानी इकाई ने गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर एक साथ बड़ी छापेमारी की। पटना, दानापुर, गोपालगंज और रोहतास में हुई इस कार्रवाई के दौरान दंपती के पास वैध आय से करीब 84 फीसदी ज्यादा, यानी 1.98 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। SVU ने दोनों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है।
करोड़ों की जमीन, चार मंजिला मकान और फ्लैट के कागजात
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) सुधांशु कुमार ने बताया कि छापेमारी में दंपती के पास कुल 2.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति (जमीन और मकान) से जुड़े दस्तावेज मिले हैं:
- दानापुर के चंद्रशेखर नगर में रितेश कुमार के नाम पर 8,100 वर्गफीट जमीन पर बना चार मंजिला (G+4) आलीशान मकान मिला है, जिसकी कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
- दानापुर और रोहतास के सूर्यपुरा अंचल में दंपती और उनके परिजनों के नाम पर कई कीमती प्लॉट मिले हैं।
- दानापुर के ‘सात्विका गैलेक्सी’ अपार्टमेंट में डॉ. प्रेरणा सिंह और उनकी मां सुनयना सिंह के नाम पर 40.30 लाख रुपये का एक फ्लैट तथा धनबाद में भी फ्लैट खरीदने से जुड़े कागजात बरामद हुए हैं।
दिवाली से पहले सोने के सिक्के, बैंक लॉकर और बेनामी स्कॉर्पियो
तलाशी के दौरान जांच टीम को 5 नवंबर को दिवाली से ठीक पहले 9 लाख रुपये में खरीदे गए 10-10 ग्राम के छह सोने के सिक्कों की रसीद हाथ लगी है। वित्तीय पड़ताल में अलग-अलग बैंक खातों में 39.40 लाख रुपये जमा, दूसरी संस्थाओं में 16.88 लाख रुपये का निवेश और एसबीआई (SBI) व पीएनबी (PNB) में 10 लाख रुपये की एफडी (FD) के दस्तावेज मिले हैं।
इसके अलावा एसबीआई की आनंदपुरी शाखा में दो बैंक लॉकर भी सामने आए हैं। दंपती के पास हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा के अलावा ‘एसडीएम गोपालगंज’ का बोर्ड लगी एक बेनामी स्कॉर्पियो भी मिली है।
इन 7 ठिकानों पर हुई सघन तलाशी
निगरानी की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी, जिनमें शामिल हैं:
- पटना के एसकेपुरी स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट।
- नई कैपिटल रोड स्थित रितेश कुमार का कार्यालय।
- दानापुर के गोला रोड स्थित आवास।
- गोपालगंज में एसडीएम का सरकारी आवास और कार्यालय।
- रोहतास जिले के बिक्रमगंज और गोसालडीह स्थित पैतृक आवास।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी कागजातों की पूरी जांच के बाद अवैध संपत्ति का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
