नालंदा/बिहार शरीफ: बिहार के नालंदा जिले में बहुचर्चित आर्म्स एक्ट मामले में पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहे पूर्व जदयू नेता मो. आमिर सुहेल उर्फ बाबर मलिक को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। पुलिस को यह बड़ी सफलता 23 नवंबर की रात उस वक्त मिली, जब वह लहेरी थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था। गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस की टीम ने होटल परिसर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो थानों की संयुक्त टीम ने होटल से दबोचा
बिहार थाना क्षेत्र के बैगनाबाद निवासी स्व. हसिब्बुर रहमान के पुत्र बाबर मलिक की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि बाबर इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था और पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी।
शादी समारोह में उसके पहुंचने की पक्की खबर मिलते ही बिहार और लहेरी थाने की संयुक्त टीम ने होटल पर दबिश दी और उसे भागने का कोई मौका नहीं दिया। इस छापेमारी दल में दारोगा परन्तु कुमार यादव, सौरभ कुमार, सुमन सौरभ और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
भाई के घर से मिला था विदेशी हथियारों का जखीरा
इस पूरे मामले की जड़ 28 मई 2025 की एक बड़ी पुलिस कार्रवाई से जुड़ी है। उस दिन तत्कालीन सर्किल इंस्पेक्टर योगेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने बाबर के भाई मो. अखलाकुर रहमान उर्फ अकबर मलिक के घर छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान गोदरेज की अलमारी और डिजिटल लॉकरों से देसी व विदेशी हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ था:
- ताइवान निर्मित .357 मैग्नम रिवॉल्वर और इंग्लैंड निर्मित वेबली एंड स्कॉट रिवॉल्वर।
- .315 और 3006 बोर की स्पोर्टिंग रायफलें और बंदूकें।
- कुल 196 जिंदा कारतूस।
इस मामले में अकबर मलिक पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। वहीं, पुलिस जांच में बाबर की सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
हत्या और रंगदारी समेत 7 गंभीर केस हैं दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बाबर मलिक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बिहार और लहेरी थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, सरकारी काम में बाधा डालने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश और आर्म्स एक्ट समेत कुल सात गंभीर मामले दर्ज हैं।
साल 2012 से शुरू हुए उसके आपराधिक रिकॉर्ड में 2017 में हत्या और 2019 में रंगदारी जैसे संगीन केस शामिल हैं। पुलिस अब उससे अवैध हथियारों के नेटवर्क और गिरोह के अन्य सहयोगियों के बारे में सुराग जुटाने में लगी है।
