समस्तीपुर: बेतिया में बुधवार दोपहर सेनको ज्वेलरी शोरूम से करीब 40 करोड़ रुपये के जेवरात लूटने के मामले में जांच की आंच अब समस्तीपुर तक पहुंच गई है। जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, इस बड़ी वारदात के तार समस्तीपुर के अपराधियों से जुड़ते दिख रहे हैं। चर्चा है कि इस गिरोह में शामिल कुछ चेहरे वही हैं, जो पहले समस्तीपुर के चर्चित रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड में भी नामजद रह चुके हैं। इसी सुराग के बाद एसटीएफ और बेतिया पुलिस की संयुक्त टीम जिले में लगातार डेरा डाले हुए है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पटोरी, सरायरंजन और मोहनपुर में खंगाले जा रहे ठिकाने
जांच में जुटी टीम को जैसे ही बदमाशों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का सुराग मिला, एसटीएफ की टीम समस्तीपुर पहुंची। पटोरी, सरायरंजन और मोहनपुर समेत कई इलाकों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान दो-तीन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ भी की गई, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। फिलहाल मुख्य आरोपी और फरार बदमाशों की तलाश में एसटीएफ और बेतिया पुलिस स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लगातार छापेमारी कर रही है।
जेल से छूटते ही रची गई थी बड़ी वारदात की पटकथा
सूत्रों के हवाले से खबर है कि बेतिया के शोरूम में इतनी बड़ी लूट की तैयारी अचानक नहीं, बल्कि सोची-समझी रणनीति के तहत की गई थी। बताया जा रहा है कि इस साजिश की बुनियाद जेल के भीतर ही रखी गई थी। समस्तीपुर रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड से जुड़े कुछ बदमाश करीब डेढ़ से दो महीने पहले जमानत पर जेल से बाहर आए थे। बाहर निकलने के बाद गिरोह ने दोबारा सक्रिय होते हुए वारदात से पहले आधा दर्जन से ज्यादा ज्वेलरी शोरूम की रेकी की। शोरूम की आवाजाही, सुरक्षा और हालात को भांपने के बाद बदमाशों ने बेतिया में इस वारदात को अंजाम दिया।
2024 के रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड से जुड़ रहा पुराना नाता
यह मामला एक बार फिर 28 फरवरी 2024 की उस शाम की याद दिला रहा है, जब समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में करीब दर्जनभर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करोड़ों के आभूषण लूट लिए थे। उस वक्त तकनीकी जांच और छापेमारी के दम पर पुलिस ने कई आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया था और लूटा गया माल भी बरामद किया था।
उस मामले में मोहनपुर थाना क्षेत्र के पत्थरघाट निवासी गगन राज को तत्कालीन एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में समस्तीपुर पुलिस की टीम ने सूरत से दबोचा था। अब बेतिया के सेनको ज्वेलरी लूटकांड की पड़ताल में भी गगन का नाम चर्चा में आने के बाद पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर पैनी नजर रखे हुए है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर समस्तीपुर पुलिस के अधिकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
