वैशाली / पटना: बिहार में एनडीए सरकार के सफल एक साल पूरे होने का जश्न आज बेहद खास होने वाला है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (21 नवंबर) को वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी गांव पहुंच रहे हैं। यहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ बिहार के विकास को नई रफ्तार देने वाली 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी दोपहर 1 बजे के बाद वैशाली पहुंचेंगे और करीब 2 बजे सभास्थल से इन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
पटना और वैशाली के बीच सफर होगा आसान, खुलेगा ‘नीतीश सेतु’
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बना भव्य सिक्सलेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ है, जिसका पीएम मोदी औपचारिक उद्घाटन करेंगे। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 19.7 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं।
इस पुल के शुरू होने से राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच की दूरी तो घटेगी ही, साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर लगने वाले भीषण जाम से भी लोगों को बड़ी निजात मिलेगी। राघोपुर दियारा क्षेत्र की कनेक्टिविटी में भी यह पुल मील का पत्थर साबित होगा।
बिजली और सड़कों का बिछेगा जाल: 15,600 करोड़ के प्रोजेक्ट्स तैयार
प्रधानमंत्री आज बिहार में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की उन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे, जो बनकर तैयार हो चुकी हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- हाईवे कनेक्टिविटी: एनएच-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा सिक्सलेन हाईवे, एनएच-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और एनएच-327 के उमगांव-सहरसा खंड का लोकार्पण।
- ऊर्जा क्षेत्र: बक्सर के चौसा में 1320 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट की 660 मेगावाट वाली दूसरी यूनिट का उद्घाटन, जिससे राज्य की बिजली आपूर्ति और मजबूत होगी।
- हरित ऊर्जा और अन्य सुविधाएं: नवादा के फुलवरिया बांध पर बने फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, कहलगांव में सीवरेज परियोजना और बिजली वितरण में सुधार (RDSS) से जुड़े 1,130 करोड़ रुपये के कार्यों के साथ कई जिलों में नए स्कूल, अस्पताल और खेल सुविधाओं की शुरुआत।
भविष्य के बिहार की नींव: 14,450 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
सिर्फ तैयार योजनाओं का उद्घाटन ही नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में बिहार की तस्वीर बदलने वाली 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला भी आज वैशाली की धरती से रखी जाएगी।
इसमें करीब 3,800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला एनएच-139डब्ल्यू का साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन हाईवे और भागलपुर के पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्लांट से जुड़ी 3,350 करोड़ की विद्युत निकासी परियोजना सबसे अहम हैं। इसके अलावा आईआईटी पटना में नए रिसर्च पार्क व छात्रावास, आधुनिक पुलिस डेटा सेंटर, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, नए इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक संस्थानों के साथ-साथ बेगूसराय, पूर्णिया, बिहारशरीफ, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा जैसे शहरों में जलापूर्ति और सीवरेज योजनाओं का काम भी आज से शुरू हो जाएगा।
