समस्तीपुर/विद्यापतिनगर: महाकवि विद्यापति की महानिर्वाण स्थली विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर के पास रेलवे मैदान में होने वाले तीन दिवसीय विद्यापति राजकीय महोत्सव का आगाज कल यानी रविवार से होने जा रहा है। लेकिन आयोजन स्थल पर चल रही तैयारियों की रफ्तार देखकर हर किसी के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या प्रशासन को इस महोत्सव की तारीख पहले से नहीं पता थी? जिस काम को कई दिन पहले निपटा लिया जाना चाहिए था, उसके लिए अब उद्घाटन से ठीक पहले दिन-रात एक करना पड़ रहा है। साफ-सफाई से लेकर मंच और पंडाल तैयार करने तक हर मोर्चे पर अचानक तेजी आई है। लगातार चली बैठकों, समीक्षाओं और अफसरों के निर्देशों के बावजूद आखिरी समय तक काम अधूरा रहना प्रशासनिक कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मीडिया में खबर चलने के बाद जागा प्रशासन
आयोजन की सुस्त तैयारियों को लेकर मीडिया में खबरें प्रमुखता से आने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक महकमे में हलचल बढ़ गई। एसडीओ किशन कुमार दिनभर स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कर्मियों के साथ आयोजन स्थल पर डटे रहे। उन्होंने अलग-अलग कामों की प्रगति का जायजा लिया और जो काम अधूरे थे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। मौके पर जेसीबी लगाकर मैदान की साफ-सफाई कराई गई।
नगर परिषद दलसिंहसराय के आधा दर्जन से अधिक कर्मी परिसर को दुरुस्त करने में जुटे रहे। वहीं, हैंगर पंडाल, मंच और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को आयोजन स्थल पर सामान उतारा गया। दिनभर काम को रफ्तार देने की कवायद चलती रही। अब आलम यह है कि वक्त रहते तैयारी पूरी करने के लिए कर्मियों को लगातार एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है।
बैठकें होती रहीं, तो जमीन पर क्यों नहीं दिखी तैयारी?
विद्यापति राजकीय महोत्सव कोई अचानक तय हुआ कार्यक्रम नहीं है। इसकी तारीख और रूपरेखा काफी पहले तय कर ली गई थी। तैयारियों को लेकर बीते 7 नवंबर को एसडीओ किशन कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें अफसरों को जिम्मेदारियां बांटी गई थीं और तय समय में काम निपटाने को कहा गया था। इसके बाद 12 नवंबर को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने खुद विद्यापतिधाम जाकर तैयारियों का निरीक्षण किया था।
डीएम ने विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश देते हुए समय पर काम पूरा करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद महोत्सव शुरू होने से ठीक पहले तक साफ-सफाई और बुनियादी इंतजामों को लेकर भागदौड़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब समीक्षा बैठकें हो रही थीं और खुद डीएम स्थल का दौरा कर चुके थे, तो फिर काम में इतनी देरी क्यों हुई? क्या संबंधित विभागों ने समय पर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई या फिर आदेशों के पालन की नियमित निगरानी में चूक हुई?
स्थानीय पंडा-गोस्वामी समाज के लोगों, बुद्धिजीवियों और दर्शकों ने भी तैयारियों में हुई देरी पर खासी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विद्यापतिधाम की गरिमा से जुड़े इतने बड़े राजकीय आयोजन के लिए अंतिम समय में ऐसी अफरातफरी नहीं होनी चाहिए थी। यदि काम समय पर हो जाता, तो उद्घाटन से ठीक पहले इस तरह की भागदौड़ की नौबत नहीं आती।
वक्त रहते व्यवस्था पूरी करना सबसे बड़ी चुनौती
एसडीओ किशन कुमार की सक्रियता के बाद काम की रफ्तार तो बढ़ी है, लेकिन अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती रविवार को उद्घाटन से पहले सभी इंतजाम मुकम्मल करने की है। मैदान की सफाई, मंच और पंडाल का निर्माण, रोशनी, अतिथियों के बैठने का इंतजाम और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर अभी काफी काम बाकी है। महोत्सव में बड़ी भीड़ जुटने की उम्मीद को देखते हुए इन व्यवस्थाओं में जरा-सी भी चूक आयोजन की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
22 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए महाकवि विद्यापति की साहित्यिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को याद किया जाएगा। विद्यापतिधाम की पहचान से जुड़े इस राजकीय आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह जरूर है, लेकिन आखिरी वक्त तक अधूरी रही तैयारियों ने एक असहज सवाल भी छोड़ दिया है। मिथिलांचल की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा से जुड़े इस महोत्सव की तैयारी आखिर अंतिम समय तक क्यों लटकी रही? अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन की अंतिम समय की दौड़धूप आयोजन को कितनी सुव्यवस्थित तस्वीर दे पाती है।
