Sunday, 22 November 2026 बिहार की हर खबर, सबसे पहले
ताज़ा खबर

बेतिया में दिनदहाड़े 30-35 करोड़ की बड़ी लूट, सेंको गोल्ड शोरूम से सोना-हीरा लेकर फरार हुए 8 बदमाश

रिपोर्टर Manoj Jha 19 November 2026 5 मिनट पढ़ने का समय

पश्चिम चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में बुधवार को अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। नगर के सुप्रिया रोड स्थित कालीबाग थाना क्षेत्र के सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक पर सवार आठ हथियारबंद बदमाश दाखिल हुए और पिस्टल के बल पर करीब 30 से 35 करोड़ रुपये के सोना, चांदी और हीरे के गहने लूटकर फरार हो गए।

वारदात के दौरान अपराधियों ने शोरूम के आठ कर्मचारियों और तीन ग्राहकों को बंधक बना लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शोरूम से महज 100 मीटर की दूरी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और बेतिया विधायक रेणु देवी का घर है, वहीं घटना से करीब आधे घंटे पहले ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने भी सुरक्षा जांच की थी।

ग्राहक बनकर घुसे बदमाश, पिस्टल की नोक पर बनाया बंधक

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुप्रिया रोड पर गाड़ियों की आवाजाही और बाजार की चहल-पहल सामान्य थी। इसी बीच तीन बाइक पर सवार आठ बदमाश शोरूम के सामने पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर भीतर घुस गए। बताया जा रहा है कि दो बाइक पर तीन-तीन और एक बाइक पर दो बदमाश सवार थे। पहले ग्राहक बनकर तीन बदमाश अंदर आए और पिस्टल तानकर प्रथम तल पर मौजूद स्टाफ को कब्जे में ले लिया, जिसके बाद बाकी साथी भी अंदर पहुंच गए।

सभी के हाथों में पिस्टल थी। बदमाशों ने कर्मचारियों को एक कतार में खड़ा कर दिया और उनके मोबाइल छीन लिए। स्टाफ और ग्राहकों के हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिए गए। इनमें मिर्जा टोला के रहने वाले ग्राहक शुभम कुमार और रामू कुमार प्रसाद के मोबाइल अपराधियों ने जमीन पर पटककर तोड़ दिए। दो-तीन बदमाश ऊपर गए और वहां के कर्मचारियों को भी बंधक बना लिया। उस वक्त नीचे छह-सात और ऊपर दो-तीन कर्मचारी मौजूद थे, जबकि तीन ग्राहक भी शोरूम के भीतर थे।

विरोध करने पर गार्ड पर हमला, 20 मिनट तक चली लूट

लूट के दौरान बदमाश दो टोलियों में बंट गए। चार बदमाश कर्मचारियों और बंधकों पर नजर रख रहे थे, जबकि चार बदमाश दो मंजिला शोरूम के दोनों तल्लों की तिजोरियों और शोकेस से सोना, चांदी और डायमंड के जेवर निकालकर बैग में भरते रहे। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने निहत्थे सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे और एक अन्य कर्मी से मारपीट की। पिस्टल के बट से किए गए वार में गार्ड मन्नू चौबे के सिर में चोट आई।

बदमाश करीब 20 से 25 मिनट तक शोरूम के अंदर बेखौफ होकर लूटपाट करते रहे, लेकिन अगल-बगल के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। निकलते वक्त बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे और काउंटर पर तोड़फोड़ की और स्टाफ को धमकी देते हुए बोले, “अपने मालिक को बता देना, हम फिर आएंगे। यह तो ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी है।”

आधे घंटे पहले हुई थी पेट्रोलिंग, रेणु देवी भी पहुंचीं

यह शोरूम जदयू के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वृजेश कुशवाहा के भाई राकेश कुमार उर्फ राजू का बताया जा रहा है। सामने आया है कि वारदात से करीब आधे घंटे पहले ही कालीबाग थाने की पेट्रोलिंग टीम ने शोरूम पहुंचकर सीसीटीवी और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की जांच की थी। एसएसपी के निर्देश पर बैंकों की तरह बड़े शोरूम की रोजाना सुरक्षा जांच होती है, इसके बावजूद दिनदहाड़े इतनी बड़ी घटना हो गई।

खबर मिलते ही पूर्व उपमुख्यमंत्री और बेतिया विधायक रेणु देवी भी शोरूम पहुंचीं, क्योंकि उनका आवास करीब 100 मीटर दूर ही है। उन्होंने मौके पर जाकर हालात की जानकारी ली और स्टाफ से बात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बदमाशों को हर हाल में पकड़ा जाएगा और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

डीआईजी और एसएसपी ने की पांच घंटे जांच, जिला हाई अलर्ट

बड़ी लूट की सूचना पर चंपारण प्रक्षेत्र के डीआईजी हरकिशोर राय (जो करीब 1:28 बजे पहुंचे), एसएसपी कुमार गौतम, सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार समेत करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। डीआईजी और एसएसपी करीब पांच घंटे तक शोरूम में रहे, कर्मचारियों-ग्राहकों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाला। एफएसएल टीम शाम 6:47 बजे वहां से निकली।

पूरे जिले में नाकेबंदी कर गाड़ियों की सघन जांच शुरू कर दी गई और मोतिहारी बॉर्डर समेत अन्य रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की बाइकों के नंबर मिलने की बात कही जा रही है, जिनका सत्यापन जारी है। डीआईजी हरकिशोर राय ने बताया कि आठ बदमाशों ने लूट की है, कुल कितने की लूट हुई इसका आकलन चल रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कारोबारियों में दहशत है और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।

इस खबर को शेयर करें