समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य सड़क के पास मिर्जापुर चौक के नजदीक मंगलवार शाम को पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की और मौके से सात युवकों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 16 पुड़िया स्मैक (ब्राउन शुगर) भी बरामद हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
बताया जा रहा है कि पुलिस को पक्की खबर मिली थी कि मिर्जापुर चौक के पास एक मकान में कुछ युवक नशीले पदार्थ के साथ जुटे हैं। खबर मिलते ही कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत की अगुवाई में पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और घर को घेरकर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने सातों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया और उनके कब्जे से स्मैक की 16 पुड़िया जब्त कर लीं।
पकड़े गए युवकों की पहचान सामने आई
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए युवकों में ध्रुवगामा गांव के रहने वाले गौरी शंकर ठाकुर के बेटे रूपेश कुमार, नवीन कुमार ठाकुर के बेटे गंगेश कुमार और बसंत कुमार सिंह के बेटे ऋषि राज रमन शामिल हैं।
वहीं मिर्जापुर गांव के पप्पू सहनी के बेटे जयकिशन, गुंजन सहनी के बेटे बादल कुमार, विनोद सहनी के बेटे छोटू कुमार और रामबली सहनी के बेटे सोनू कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और इस संबंध में कल्याणपुर थाना कांड संख्या 437/26 दर्ज कर आगे की छानबीन व विधिक कार्रवाई की जा रही है।
