सीबीएसई के विद्यार्थियों के लिए अब 9वीं कक्षा से तीन भाषाएं पढ़ना ज़रूरी

सीबीएसई के मुताबिक़ साल 2026-27 एकेडमिक सेशन से कक्षा 9 में आने वाले स्टूडेंट्स को तीसरी भाषा (आर 3) पढ़नी होगी.

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कक्षा 9 से तीसरी भाषा पढ़ना अनिवार्य कर दिया है। यह फैसला दसवीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

बोर्ड के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को तीसरी भाषा (आर3) का अध्ययन करना होगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में तीसरी भाषा के प्रश्नपत्र से विद्यार्थियों को छूट दी गई है।

15 मई को जारी सर्कुलर में सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम रूपरेखा 2023 के अनुरूप किया गया है। इसके तहत तीन भाषाओं में से कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होना अनिवार्य है।

बोर्ड ने यह भी कहा है कि 1 जुलाई 2026 से कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाएं—आर1, आर2 और आर3—पढ़ना जरूरी होगा, जिनमें से दो भारतीय भाषाएं होंगी।

साथ ही, तीसरी भाषा के मूल्यांकन की जिम्मेदारी स्कूलों को सौंपी गई है। सीबीएसई के अनुसार, आर3 से संबंधित सभी मूल्यांकन पूरी तरह स्कूल-आधारित और आंतरिक होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top