बिहार के वैशाली और समस्तीपुर जिले के लाखों लोगों के लिए एक बहुत बड़ी और खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से उपेक्षित रहे महुआ और ताजपुर (Mahua-Tajpur Railway Line) जैसे इलाकों के विकास की दिशा में रेलवे बोर्ड ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रेलवे ने भगवानपुर–समस्तीपुर वाया महुआ–ताजपुर 49 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही इस महत्वपूर्ण सर्वे कार्य के लिए 1.47 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी गई है।
रेलवे मानचित्र पर महुआ और ताजपुर की एंट्री
अभी तक सड़क मार्ग और भारी ट्रैफिक पर निर्भर रहने वाले महुआ, ताजपुर और भगवानपुर क्षेत्र के लोगों के लिए रेल सेवा किसी सपने के सच होने जैसी है। इस नई रेल लाइन के बनने से यह पूरा इलाका सीधे देश के रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों का सफर सुगम होगा, बल्कि राजधानी पटना और अन्य बड़े शहरों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।
व्यापार और रोजगार को मिलेगी जबरदस्त रफ्तार
क्षेत्रीय विकास के लिहाज से इस प्रोजेक्ट को गेम-चेंजर माना जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से स्थानीय स्तर पर व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यात्रा का समय घटने से किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। स्थानीय नागरिक बरसों से इस इलाके में ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे, और अब सर्वे की मंजूरी मिलने से जनता की उम्मीदों को पंख लग गए हैं।
सर्वे का काम पूरा होने के बाद इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण की फाइनल रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिसके बाद जमीन पर काम शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
