सोनपुर/हाजीपुर: विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान-2026 के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक और रूट प्लान तैयार कर लिया है। लाखों श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ को देखते हुए सोनपुर और हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय ने यातायात में अहम बदलाव किए हैं। जारी प्रस्ताव के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 की सुबह से 25 नवंबर 2026 की सुबह तक शहर और गंडक पुलों पर यह विशेष रूट व्यवस्था लागू रहेगी।
अगर आप मेले में घूमने या गंगा स्नान के लिए निकल रहे हैं, तो रास्ते में जाम और परेशानी से बचने के लिए इस रूट चार्ट पर एक नजर जरूर डाल लें:
1. शहर में वाहनों की एंट्री पर रोक (23 से 25 नवंबर तक)
- 23 नवंबर की सुबह से 25 नवंबर की सुबह तक शहर के भीतर सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
- इस दौरान सिर्फ मेला ड्यूटी में लगे सरकारी वाहन और एंबुलेंस को ही चलने की छूट मिलेगी।
- छोटे वाहनों की आवाजाही नए गंडक पुल (NH-19) से जारी रहेगी।
2. बड़े वाहनों के लिए डायवर्सन रूट
- छपरा से हाजीपुर आने वाले बड़े वाहन: ये वाहन मकेर, रेवाघाट, अम्बारा, लालगंज और भगवानपुर थाना होते हुए हाजीपुर तक आएंगे, लेकिन हाजीपुर शहर के अंदर इन्हें जाने की अनुमति नहीं होगी।
- पटना से छपरा जाने वाले बड़े वाहन: महात्मा गांधी सेतु के रास्ते पटना से आने वाले बड़े वाहन रामशीष चौक से भगवानपुर थाना होते हुए लालगंज की तरफ मुड़ जाएंगे और अम्बारा व रेवाघाट के रास्ते छपरा पहुंचेंगे।
3. पुराने गंडक पुल पर सिर्फ पैदल यात्रियों को मिलेगी एंट्री
100 साल से ज्यादा पुराना होने और निचले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के कारण पुराने गंडक पुल पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चलना पूरी तरह बंद रहेगा। यह पुल केवल पैदल चलने वालों के लिए तय समय के हिसाब से खुलेगा:
- 23 नवंबर से 26 नवंबर (शाम 5:00 बजे तक): पुराना गंडक पुल (मुख्य सड़क और दोनों तरफ की पैदल लेन) सिर्फ हाजीपुर से हरिहरनाथ मंदिर और सोनपुर गंगा स्नान घाट जाने वाले पैदल यात्रियों के लिए खुला रहेगा। इस बीच सोनपुर से हाजीपुर की ओर पैदल आने की इजाजत नहीं होगी।
- 26 नवंबर (दोपहर 12:00 बजे) से 28 नवंबर तक: पुल की बीच वाली मुख्य सड़क सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले पैदल यात्रियों के लिए खोल दी जाएगी, जबकि दोनों किनारों की पैदल लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वालों के लिए खुली रहेंगी।
