फ्लिपकार्ट डिलीवरी सेंटर में डेढ़ लाख की लूट, CCTV DVR लेकर भागे बदमाश; समस्तीपुर में दहशत

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट डिलीवरी सेंटर पर धावा बोलकर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने एक कर्मचारी को पिस्तौल की बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खास बात यह है कि अपनी पहचान छुपाने के लिए बदमाश जाते समय सेंटर में लगा सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए, जिससे पुलिस को फुटेज हासिल करने में परेशानी हो रही है।

हथियारों के बल पर बनाया बंधक

जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 9 बजे चार से पांच की संख्या में नकाबपोश (सर्जिकल मास्क पहने) बदमाश डिलीवरी सेंटर के अंदर दाखिल हुए। हथियारों के दम पर उन्होंने वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और बंधक बना लिया। इस दौरान जब एक कर्मचारी ने लूट का विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह जख्मी हो गया। इसके बाद बदमाश गल्ले में रखे लगभग 1.5 लाख रुपये कैश लूटकर फरार हो गए।

पुलिस महकमे में हड़कंप, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष और मुफस्सिल थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और कर्मचारियों से पूछताछ की।

एसडीपीओ-1 सतीश सुमन ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए टेक्निकल सेल की मदद ली जा रही है। वहीं, एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्रित किए हैं। पुलिस कर्मियों से मिले इनपुट और आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top