समस्तीपुर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज: अधिकारियों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू

समस्तीपुर: देश में होने वाली जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को समस्तीपुर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, चार्ज अधिकारियों और तकनीकी सहायकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

जिला मुख्यालय में चार अलग-अलग बैचों में होने वाले इस ट्रेनिंग सेशन के पहले दिन दीप प्रज्ज्वलित कर इसकी औपचारिक शुरुआत की गई। जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने इस कार्यक्रम की कमान संभाली। इस दौरान उनके साथ अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, समस्तीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी और पटना से आए जनगणना कार्य निदेशालय के विशेष प्रशिक्षक सुमन सिन्हा व अन्नु गुप्ता भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण की शुरुआत में अपर जिला जनगणना अधिकारी ने पौधा भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद जिला जनगणना अधिकारी ब्रजेश कुमार ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वेज प्यूरीफिकेशन और अन्य मैनुअल्स का बारीकी से अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि जनगणना का काम देश के विकास की नींव है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या गलती की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए अपर जिला जनगणना अधिकारी अशोक कुमार ने जनगणना के व्यापक महत्व को समझाया। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि पिछले चरणों के दौरान जो छोटी-मोटी दिक्कतें या गलतियां सामने आई थीं, इस बार उनसे सीख लेते हुए पूरी सावधानी बरती जाए। इसके अलावा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी ने मैदानी स्तर पर आने वाली तकनीकी बाधाओं और उनके तुरंत समाधान के उपाय बताए। समस्तीपुर सदर और दलसिंहसराय के अनुमंडल अधिकारियों ने भी फील्ड वर्क के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर खुलकर चर्चा की।

पटना से आए मास्टर ट्रेनर्स सुमन सिन्हा और अन्नु गुप्ता ने डिजिटल और कागजी प्रक्रियाओं के हर एक तकनीकी पहलू को विस्तार से समझाया। पहले दिन के इस सत्र में रोसड़ा, बिथान, हसनपुर, नगर परिषद रोसड़ा और नगर पंचायत सिंघिया के चार्ज अधिकारियों के साथ-साथ तकनीकी सहायकों और लिपिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला जनगणना कोषांग के पवन कुमार सिंह, सुनीत कुमार, इंद्रजीत कुमार, मनोज कुमार सिंह और सुमन सौरभ समेत कई अन्य कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top