पटना: बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी और काम की खबर सामने आई है। अगर आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का नाम अब तक मतदाता सूची (Voter List) में नहीं जुड़ पाया है, तो यह मौका हाथ से न जाने दें। बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत 12 नवंबर से ही प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 11 दिसंबर तक चलेगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक, मतदाताओं की सुविधा के लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान की तारीखें तय कर दी गई हैं।
शनिवार और रविवार को चलेगा दो चरणों में विशेष अभियान
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार में यह विशेष अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा और दोनों ही बार इसे वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को रखा गया है, ताकि कामकाजी लोगों और युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो:
-
पहला चरण: 21 और 22 नवंबर (आज और कल)
-
दूसरा चरण: 5 और 6 दिसंबर
नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार करने जैसे अलग-अलग कामों के लिए आयोग ने अलग-अलग फॉर्म तय किए हैं। जो लोग बूथ पर नहीं जा पा रहे हैं, वे घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग के आदेश के मुताबिक, मतदाता सूची से जुड़े सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक कर लिया जाएगा। इसके बाद पूरी तरह जांच-परख कर 4 जनवरी 2027 को अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिलों के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को मतदाता दिवसों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) भी दी जाएगी।
घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
लोगों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी खुला रखा गया है। इच्छुक नागरिक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in या Voter Helpline App के जरिए आसानी से आवेदन कर सकते हैं।
विशेष अभियान के दिनों में हर मतदान केंद्र (बूथ) पर BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) मौजूद रहेंगे। बीएलओ के पास वोटर लिस्ट की कॉपी रहेगी, जिसे देखकर लोग यह जांच सकेंगे कि उनका नाम सूची में दर्ज है या छूट गया है। यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में कोई सुधार कराना है, तो वे सीधे बीएलओ से संबंधित फॉर्म लेकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
