Monday, 23 November 2026 बिहार की हर खबर, सबसे पहले
ताज़ा खबर
समस्तीपुर में मेडिकल शिक्षा का नया अध्याय: नरघोघी के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एमबीबीएस की पढ़ाई, जगी उम्मीदें समस्तीपुर के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का पहला सत्र शुरू, स्वास्थ्य मंत्री ने किया उद्घाटन समस्तीपुर सदर अस्पताल में गूंजीं तीन बच्चों की किलकारियां: महिला ने दिया दो बेटे और एक बेटी को जन्म, परिवार में तिहरी खुशी समस्तीपुर को 502.77 करोड़ की विकास सौगात: जलापूर्ति, बिजली, शिक्षा और आवास की 8 बड़ी योजनाओं को मिली रफ्तार बिहार में फर्जी शिक्षकों पर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन! 30 अप्रैल 2027 तक नौकरी से होगी छुट्टी, BPSC शिक्षकों के भी जांचे जाएंगे कागज

विद्यापति राजकीय महोत्सव का कल हुआ आगाज: प्रतिमा अनावरण से शुरू हुआ आयोजन, तीन दिन सुर-साहित्य और संस्कृति के रंग

रिपोर्टर Manoj Jha 23 November 2026 4 मिनट पढ़ने का समय

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर: भक्त और भगवान की नगरी विद्यापतिधाम रविवार से अगले तीन दिनों तक भक्ति, अध्यात्म, साहित्य और लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर रही। महाकवि विद्यापति की साधना और साहित्यिक विरासत को समर्पित 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव की शुरुआत कल (रविवार) से हो गई। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी थीं और उगना महादेव मंदिर से लेकर विद्यापति स्मारक चौक और रेलवे मैदान तक उत्सव की रौनक साफ दिखने लगी थी।

फूल-मालाओं से सजे मंदिर, रोशनी से जगमगाते परिसर और भव्य पंडाल के बीच इन तीन दिनों में हजारों श्रद्धालुओं, साहित्य प्रेमियों और कला-संस्कृति के चाहने वालों के जुटने की उम्मीद जताई गई थी। एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया। उद्घाटन से पहले उन्होंने विद्यापति स्मारक चौक पर महाकवि कोकिल विद्यापति की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया, जिसके बाद रेलवे मैदान में हुए मुख्य समारोह में महाकवि को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

1952 से चली आ रही परंपरा का 14वां राजकीय आयोजन

साल 1952 से स्थानीय आस्थावान लोगों, साहित्यकारों और समाजसेवियों के सहयोग से शुरू हुई इस परंपरा को राज्य सरकार के स्तर पर 14वीं बार राजकीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

पहले दिन शंखनाद के बाद अतुल पंडित ने दी प्रस्तुति

महोत्सव के पहले दिन (रविवार) सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज शाम 5:00 बजे प्रणव कुमार मिश्रा और ऋषभ कुमार मिश्रा के शंखनाद से हुआ। इसके बाद कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला चला:

  • शाम 5:50 बजे: चर्चित लोक गायक सत्येंद्र कुमार संगीत ने अपनी प्रस्तुति दी।

  • शाम 7:15 बजे: लोक गायिका कृति भारती ने मंच संभाला।

  • शाम 7:30 बजे: कमलेश कुमार सिंह की प्रस्तुति हुई।

  • शाम 7:45 बजे: सुभाष प्रसाद साव ने अपने कार्यक्रम पेश किए।

  • रात 8:00 बजे: पार्श्व गायक अतुल पंडित की प्रस्तुति के साथ पहले दिन की शाम खास बनी।

दूसरे दिन कवि सम्मेलन और सुस्वाती मल्लिक का जलवा

23 नवंबर को महोत्सव का दूसरा दिन साहित्य और मैथिली लोक संस्कृति के नाम रहेगा। दोपहर 1:00 बजे से कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जहां कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को साहित्यिक रस में डुबोएंगे।

शाम को संगीत और नृत्य की महफिल सजेगी। शाम 5:00 बजे मैथिली लोक गायिका रंजना झा और शाम 5:30 बजे लोक गायिका रिंकू गुप्ता व नीलकंठ रामायण गोष्ठी की प्रस्तुति होगी। वहीं, शाम 7:30 बजे से इंडियन आइडल फेम लोकप्रिय गायिका सुस्वाती मल्लिक अपने डांस ग्रुप के साथ मंच पर उतरेंगी, जो दूसरी शाम को यादगार बनाएंगी।

तीसरे दिन स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों के साथ होगा समापन

24 नवंबर को महोत्सव का आखिरी दिन स्थानीय स्कूली बच्चों की प्रतिभा को समर्पित रहेगा। बच्चों के लिए होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का समापन होगा। इसका मकसद नई पीढ़ी को महाकवि विद्यापति की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

भव्य पंडाल, सुरक्षा और दिग्गजों को किया गया था आमंत्रित

महोत्सव को लेकर प्रशासन ने समारोह स्थल पर गैलरी युक्त भव्य पंडाल तैयार कराया, ताकि दर्शकों और अतिथियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। उगना महादेव मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया, वहीं विद्यापति स्मारक चौक और आसपास के इलाकों में रंग-रोगन, रोशनी, तोरण द्वार, होर्डिंग और लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार-प्रसार व सुरक्षा के इंतजाम किए गए।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, सांसद शांभवी चौधरी और सांसद राजेश वर्मा को आमंत्रित किया गया था। इनके अलावा जिला परिषद अध्यक्ष, नगर निगम महापौर और विधानमंडल के सदस्यों को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में बुलाया गया था।

तैयारियों को अंतिम रूप देने में बीडीओ मोहम्मद महताब अंसारी, सीओ कुमार हर्ष, विद्यापति परिषद के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया गणेश गिरि कवि, लोजपा नेता कैलाश पासवान, न्यास समिति के उपाध्यक्ष मणिकांत सिंह, सचिव नवीन कुमार गिरि, कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज, हरिओम गिरि, प्रवीण कुमार गिरि, सतीश गिरि, चतुरानन गिरि, नन्हें गिरि और मनोज सिंह समेत अन्य लोग सक्रिय रहे।

इस खबर को शेयर करें