बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आ रही है। जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रसाद का पकवान जूठा करने पर एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर सुनने वाले की आंखें नम हैं।
प्रसाद जूठा करने पर खोया आपा
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक मामला पूसा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 का है। मृत बच्ची की पहचान राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मां का नाम रीना कुमारी बताया जा रहा है।
बच्ची के पिता राजू पासवान ने रोते हुए बताया कि परिवार के अन्य सदस्य घर के पास ही छठ घाट बनाने गए थे। घर पर आरोपी मां रीना कुमारी छठ पूजा के प्रसाद के लिए पकवान बना रही थी। इसी दौरान, चार साल की मासूम सुहानी ने अनजाने में पकवान जूठा कर दिया। इस छोटी सी बात पर मां रीना अपना मानसिक संतुलन खो बैठी और गुस्से में आकर बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
पिटाई के तुरंत बाद मासूम सुहानी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह अकुलाने लगी। हालत गंभीर होते देख आरोपी मां खुद ही उसे लेकर एक निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना की भनक लगते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तुरंत पूसा थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है।
“ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब मेरी बेटी ही नहीं रही”
इस भयानक हादसे ने एक हंसते-खेते परिवार को अंदर से पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। मृतका के पिता राजू पासवान के तीन बच्चे हैं—सात साल की बेटी शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार। इस वीभत्स घटना के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दुःख जताते हुए कहा, “ऐसी पूजा का क्या फायदा, कि मेरी बेटी ही नहीं रही।” उन्होंने दो टूक कहा कि वह अपनी लाडली की मौत के लिए जिम्मेदार अपनी पत्नी को कठोर से कठोर सजा दिलाएंगे और अब उन्हें ऐसी पत्नी की कोई आवश्यकता नहीं है, वे अकेले ही अपने बाकी दोनों बच्चों का पालन-पोषण करेंगे।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन एक्शन लिया है। आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों की तह तक पहुंचा जा सके। छठ जैसे पवित्र और लोक आस्था के महापर्व के माहौल के बीच हुई इस अमानवीय और दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है।
