समस्तीपुर में दिनदहाड़े CSP संचालक को बंधक बनाकर 3 लाख की लूट, ग्रामीणों से भिड़े बदमाश; दो कट्टा छूटे और CCTV उखाड़ ले गए

समस्तीपुर/बिहार स्कैन

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े आपराधिक वारदातों को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) को निशाना बनाया और हथियार के बल पर 3 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। हालांकि, भागने के दौरान ग्रामीणों की बहादुरी से बदमाशों को अपने दो देसी कट्टे मौके पर ही छोड़ने पड़े।

बंधक बनाकर की मारपीट, कैश लूटकर भागे

यह सनसनीखेज वारदात सुरौली शाहपुर पुल के पश्चिम दलसिंहसराय जाने वाली मुख्य सड़क पर हुई। पीड़ित सीएसपी संचालक विवेक कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर चार की संख्या में हथियारबंद बदमाश दुकान के अंदर घुस आए। घुसते ही उन्होंने मुख्य दरवाजा बंद कर पीछे का गेट खोल दिया।

इसके बाद बदमाशों ने संचालक को बंधक बना लिया और मारपीट करते हुए गल्ले में रखे 3 लाख रुपये नकद लूट लिए।

ग्रामीणों की बहादुरी, छीने दो देसी कट्टे

जब सीएसपी के अंदर शोरगुल हुआ और बगल के दुकानदार सरवन कुमार पंडित वहां पहुंचे, तो बदमाशों ने उन पर कट्टा तान दिया। दुकानदार की जान खतरे में देख आसपास के ग्रामीण और सुनील कुमार भारी संख्या में मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों के तीखे तेवर और साहस को देखकर बदमाश घबरा गए। ग्रामीणों और बदमाशों के बीच जमकर हाथापाई भी हुई। इस दौरान सतर्क ग्रामीणों ने बदमाशों से भिड़कर उनके दो देसी कट्टे छीन लिए। हालांकि, तमाम विरोध के बावजूद बदमाश कैश लेकर भागने में सफल रहे। अपनी पहचान छिपाने के लिए शातिर जाते-जाते दुकान में लगा CCTV कैमरा और उसका डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ लेते गए।

पुलिस महकमे में हड़कंप, छानबीन शुरू

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के रास्तों के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि ग्रामीणों द्वारा छोड़े गए हथियारों और सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों और ग्रामीणों में गहरी दहशत और आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top