समस्तीपुर/कल्याणपुर
बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हो चुके हैं। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए एक युवक को रोककर उसके मुंह में गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल युवक की पहचान मधुरापुर टारा गांव के स्व. राइ साहब साहनी के 19 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
तटबंध के पास दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, रजनीश कुमार मंगलवार की देर शाम अपनी बाइक से माधोपुर भुआल की ओर से बूढ़ी गंडक तटबंध के रास्ते अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मधुरापुर घाट के पास सानिया बाहा श्मशान के समीप पहुँचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी गाड़ी को जबरन रोक लिया।
शुरुआत में बदमाशों की उससे कुछ कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों में से एक ने पिस्तौल निकाली और सीधे रजनीश के मुंह में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
डीएमसीएच रेफर किया गया घायल युवक
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ तड़प रहे युवक को उठाकर फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कल्याणपुर पहुंचाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि गोली युवक के जबड़े में फंसी हुई थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर राजकुमार ने उसे बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस महकमे में हड़कंप, आरोपियों की तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का एक दल बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान पुख्ता कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।