समस्तीपुर में दिनदहाड़े कंप्यूटर दुकान में हथियार के बल पर लूट, 50 हजार कैश और लैपटॉप लेकर भागे बदमाश; CCTV फुटेज आया सामने

समस्तीपुर/बिहार स्कैन

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी रोसड़ा थाना क्षेत्र से सामने आई है। मब्बी चौक स्थित एक कंप्यूटर दुकान में मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारों से लैस बदमाशों ने धावा बोल दिया और जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने गनपॉइंट पर दुकान के मालिक को बंधक बनाया और कैश समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसके बाद इलाके के कारोबारियों में भारी दहशत और आक्रोश है।

हथियार के बल पर लूटपाट, बैग लेकर भागे बदमाश

मिली जानकारी के मुताबिक, मब्बी चौक पर मो. हसमत की कंप्यूटर दुकान है। मंगलवार को बेखौफ बदमाश ग्राहक बनकर दुकान के अंदर घुसे और अचानक हथियार निकालकर दुकानदार को डराने-धमकाने लगे।

बदमाशों ने हथियार का खौफ दिखाकर गल्ले से करीब 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे बदमाश हाथ में बैग लेकर भाग रहे हैं।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकान के साथ-साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अपराधियों के चेहरे बेनकाब हो सकें।

रोसड़ा थाने की पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए नाकेबंदी कर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। हालांकि, इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top