समस्तीपुर: जिले में जमीनी विवादों के मामलों को तेजी से सुलझाने और आम जनता को राहत देने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सदर अनुमंडल कार्यालय में सदर एसडीओ (SDO) राकेश कुमार के नेतृत्व में जनता दरबार और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की विशेष सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कई पुराने मामलों का मौके पर ही समाधान निकाल लिया गया।
7 में से 5 मामलों का ऑन-स्पॉट निष्पादन
अनुमंडल कार्यालय में आयोजित इस सुनवाई के दौरान भूमि विवाद से जुड़े कुल 7 अहम मामले प्रस्तुत किए गए थे। एसडीओ राकेश कुमार ने सभी मामलों की फाइलें खंगाल दोनों पक्षों की बातें सुनीं।
सख्त और पारदर्शी रुख अपनाते हुए प्रशासनिक टीम ने इनमें से 5 मामलों का त्वरित निष्पादन (ऑन-स्पॉट निपटारा) कर दिया। वहीं, बाकी बचे 2 मामलों में कानूनी प्रक्रिया और दस्तावेजों की जांच पूरी करने के लिए अगली तारीख तय कर दी गई है, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।
पारदर्शिता और समयबद्ध समाधान पर जोर
सुनवाई के दौरान सदर एसडीओ राकेश कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे में किसी भी तरह की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों के मामलों में पूरी तत्परता, पारदर्शिता और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की कोशिश है कि आम लोग जमीन के छोटे-छोटे विवादों के लिए अदालतों के चक्कर काटने के बजाय समयबद्ध तरीके से न्याय पा सकें।