शहर के BRB कॉलेज में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगवाने के लिए छात्राओं का प्रदर्शन

समस्तीपुर: जिले के प्रतिष्ठित बीआरबी कॉलेज में छात्राओं की बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर बुधवार को माहौल गरमा गया। ‘शक्ति अभियान’ के बैनर तले छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और एकदिवसीय जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं की मुख्य मांग कॉलेज परिसर में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन (Sanitary Napkin Vending Machine) लगवाने, गर्ल्स वॉशरूम की नियमित साफ-सफाई और पर्याप्त डस्टबिन की मुकम्मल व्यवस्था करने की थी।

दो दिन पहले दिया था आवेदन, सुनवाई न होने पर भड़कीं छात्राएं

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने बताया कि कॉलेज में व्याप्त समस्याओं को लेकर दो दिन पहले ही प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया था। लेकिन, कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा।

बुधवार को छात्राएं बीआरबी कॉलेज के मुख्य द्वार से जोरदार नारेबाजी करते हुए सीधे कैंपस के अंदर प्राचार्य कार्यालय तक पहुंच गईं। इसके बाद सभी छात्राएं प्राचार्य कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गईं, जहां एक सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता नेहा भारती ने की, जबकि संचालन मोना कुमारी ने किया।

महिला जनप्रतिनिधियों पर भी उठाए गंभीर सवाल

कार्यक्रम के दौरान ‘शक्ति अभियान’ बिहार की कोऑर्डिनेटर रीचा कुशवाहा ने दो टूक कहा कि सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, स्वच्छ वॉशरूम और डस्टबिन जैसी चीजें कोई विलासिता नहीं, बल्कि छात्राओं की बुनियादी जरूरतें हैं। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि जब जिले में सांसद, विधायक और महापौर जैसे अहम पदों पर महिलाएं काबिज हैं, तब भी कॉलेजों में छात्राओं की इन छोटी-छोटी समस्याओं की अनदेखी होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आगे आएं और जिले के सभी कॉलेजों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगवाने की पहल करें।

एनएसयूआई की चेतावनी, प्राचार्य का मिला आश्वासन

प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि छात्राओं की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कॉलेज परिसर में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन नहीं लगाई गई, तो उनका संगठन शक्ति अभियान के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देगा।

वहीं, बढ़ते दबाव को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य ने आश्वासन दिया है कि वॉशरूम में डस्टबिन की व्यवस्था और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top