समस्तीपुर: जिले में खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आगामी 1 से 6 नवंबर तक समस्तीपुर में राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस महाकुंभ को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को सदर एसडीओ राकेश कुमार ने आरएसबी इंटर विद्यालय परिसर स्थित खेल भवन और व्यायामशाला का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
अंडर-14, 17 और 19 वर्ग की खिलाड़ी दिखाएंगी दम
बिहार सरकार के खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक विद्यालय खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्यभर से आने वाली अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
ठहरने, भोजन और सुरक्षा पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ राकेश कुमार ने खेल भवन पहुंचकर खिलाड़ियों के ठहरने (आवास), शुद्ध भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि बाहर से आने वाली बेटियों और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बालिकाओं की प्रतिभा को मिलेगा नया मंच
एसडीओ राकेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता है। खिलाड़ियों की सुरक्षा और उनके आराम का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजनों से न सिर्फ बालिकाओं में खेल के प्रति रुझान बढ़ेगा, बल्कि उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का शानदार मंच मिलेगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन और खेल विभाग के कई प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
साथ ही सभी पोस्ट के मीचे कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें !