मुजफ्फरपुर/बिहार स्कैन
बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पूर्व मध्य रेल (ECR) के समस्तीपुर मंडल में ट्रेन परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर मंडल के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों पर 82.28 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम (Electronic Interlocking System) स्थापित किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए 36 महीने (3 साल) की समय-सीमा तय की गई है।
इन चार स्टेशनों पर होगा आधुनिकीकरण का काम रेलवे की इस आधुनिक योजना के दायरे में समस्तीपुर मंडल के जिन प्रमुख स्टेशनों को शामिल किया गया है, उनमें यात्रियों की भारी आवाजाही वाले ये चार स्टेशन प्रमुख हैं:
-
सीतामढ़ी जंक्शन
-
रीगा स्टेशन
-
रक्सौल जंक्शन
-
नरकटियागंज जंक्शन
इन स्टेशनों पर नई और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के आ जाने से ट्रेनों की आवाजाही में गजब की सटीकता आएगी और तकनीकी रूप से पूरा ढांचा बेहद मजबूत हो जाएगा।
मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत चारों स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के लिए तमाम जरूरी इनडोर और आउटडोर उपकरण लगाए जाएंगे। प्रोजेक्ट के तहत केवल उपकरण ही नहीं, बल्कि डिटेल्ड डिजाइन तैयार करने से लेकर उनकी आपूर्ति (Supply), इंस्टालेशन, टेस्टिंग और अंत में कमीशनिंग तक का सारा काम एक ही पैकेज के तहत किया जाएगा।
इसके अलावा, यात्रियों की सुरक्षा के मानकों को और पुख्ता करने के लिए टेलीकॉम से जुड़े कई विकास कार्य भी साथ-साथ किए जाएंगे। इस नई तकनीक में एक सेंट्रलाइज्ड यूनिट और दो एंड केबिन बनाए जाएंगे, जिससे ट्रेनों के संचालन पर अधिकारियों की पैनी नजर रहेगी। इस हाईटेक व्यवस्था के आने से ट्रेनों के लेट होने की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी और समस्तीपुर मंडल की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।