समस्तीपुर:
जिला मुख्यालय से सटे उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियां सूर्यकंठ में शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। यहां देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में पूरी भव्यता के साथ मनाया गया। इसके साथ ही देश की पूर्व प्रधानमंत्री ‘आयरन लेडी’ स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की।
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का आह्वान
इस अवसर पर बच्चों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का पूरा जीवन देश की अखंडता, एकता और उसकी संप्रभुता के लिए समर्पित था। उनके मजबूत इरादों और राजनीतिक दूरदर्शिता ने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता और भाईचारे को कायम रखना हम सबका सबसे बड़ा नैतिक कर्तव्य है।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आयरन लेडी’ के नाम से पूरी दुनिया में मशहूर इंदिरा गांधी नारी सशक्तिकरण की एक मजबूत मिसाल और प्रेरणास्रोत थीं। उनके संघर्षशील जीवन से हमें निरंतर कर्मपथ पर आगे बढ़ने की सीख मिलती है।
बच्चों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
समारोह के दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और देश की अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस खास मौके पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका कुमारी पूनम सिन्हा, संगीता कुमारी, रेखा कुमारी, कुमारी प्रतिभा, एरम आफताब, बबीता कुमारी, नीतू राय, फरहत परवीन के अलावा शिक्षक सत्येंद्र प्रसाद, अजय गुप्ता, चंदन कुमार और नजरुल हसन समेत तमाम शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।