सावधान! वोटर लिस्ट से नाम कटने का डर दिखाकर हो रही ठगी: SIR के नाम पर आ रहे फर्जी ई-मेल, चुनाव आयोग ने जारी की चेतावनी

रांची:

अगर आपके पास भी ईमेल पर ऐसा कोई संदेश आया है जिसमें दावा किया गया है कि वोटर लिस्ट से आपका नाम कट गया है, तो तुरंत सतर्क हो जाइए! इन दिनों साइबर ठगों ने लोगों को ठगने का एक नया और खतरनाक तरीका ढूंढ निकाला है। चुनाव आयोग (Election Commission) के नाम पर फर्जी ई-मेल भेजकर आम जनता को डराया जा रहा है और उनके साथ बड़ी ठगी की कोशिश की जा रही है।

क्या है ठगों का नया पैंतरा?

साइबर ठग इन दिनों लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर यह झांसा दे रहे हैं कि ‘SIR’ (विशेष गहन पुनरीक्षण/प्रक्रिया) के दौरान उनके दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई है, जिसके चलते उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।

ठग लोगों में डर पैदा कर रहे हैं कि अगर उन्होंने तुरंत अपना नाम दोबारा नहीं जुड़वाया, तो वे वोट नहीं डाल पाएंगे। इसके लिए वे ई-मेल में एक संदिग्ध लिंक (Suspended Link) अटैच कर रहे हैं, जिसपर क्लिक करके लोग अपनी पर्सनल डिटेल, आधार, पैन या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां शेयर कर दें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की सख्त चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने साफ कर दिया है कि चुनाव आयोग या जिला निर्वाचन प्रशासन कभी भी ई-मेल के जरिए दस्तावेज या प्रमाण-पत्र मांगने के लिए ईमेल नहीं भेजता है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से जोरदार अपील की है कि:

  • किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें।

  • अपनी कोई भी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।

कैसे करें असली और फर्जी की पहचान?

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आपको मतदाता सूची (Voter List) से जुड़ा कोई भी काम कराना है या कोई दस्तावेज जमा करना है, तो इसके लिए कभी भी ऑनलाइन ईमेल का इस्तेमाल न करें। इसके लिए आप सीधे अपने इलाके के बीएलओ (Booth Level Officer – BLO) से मिल सकते हैं।

इसके अलावा, अगर आप ऑनलाइन जानकारी देखना चाहते हैं, तो केवल चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in या आधिकारिक ECINet App का ही इस्तेमाल करें। हाल ही में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने भी राज्यभर में मतदाता सूची के सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए बीएलओ की सक्रियता पर जोर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर आपके पास ऐसा कोई भी फर्जी ई-मेल आए, तो तुरंत इसकी शिकायत साइबर सेल या संबंधित अधिकारियों से करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top