बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से साइबर अपराध का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा के कैथल जिले की एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) महिला शिक्षिका को ‘डिजिटल अरेस्ट’ (Digital Arrest) के जाल में फंसाकर 1.23 करोड़ रुपये की चपत लगाने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह संयुक्त कार्रवाई हरियाणा के कैथल साइबर थाना और स्थानीय करजा थाना पुलिस द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई है।
कैसे रची गई 1.23 करोड़ की ठगी की साजिश?
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के प्रताप गेट कैथल निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षिका वेद कुमारी को तीन नवंबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से केनरा बैंक में एक फर्जी खाता खोला गया है, जिसका उपयोग अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा है।
इसके अगले ही दिन, बदमाशों ने व्हाट्सएप के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी (विजय खन्ना) बताकर एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट भेजा और उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने का खौफ दिखाया। दहशत का माहौल पैदा करने के लिए पांच नवंबर को वीडियो कॉल के माध्यम से एक फर्जी कोर्ट और फर्जी वकील (राहुल गर्ग) की पेशी का नाटक भी रचा गया। ठगों ने शिक्षिका पर मानसिक दबाव बनाया कि अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए उन्हें अपनी सारी जमा पूंजी सरकारी खाते में जमा करनी होगी।
इस तरह उड़ाई गई पूरी रकम
भय और मानसिक दबाव में आकर पीड़िता ने अपनी एचडीएफसी बैंक की प्री-मैच्योर एफडी (FD) तुड़वा ली। इसके अलावा, डाकघर से 28 किसान विकास पत्रों की 90 लाख रुपये की राशि को एसबीआई खाते में ट्रांसफर कराया। कुल मिलाकर पीड़िता ने आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न किस्तों में 1.23 करोड़ रुपये बंधन बैंक के फर्जी खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने के बाद 9 नवंबर को कैथल साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
मुजफ्फरपुर में धराए शातिर, हरियाणा पुलिस ने लिया रिमांड
हरियाणा पुलिस तकनीकी अनुसंधान के दौरान मुजफ्फरपुर तक पहुंची। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर फोरलेन पर बथना के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया, जब वे बस में सवार होकर भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागलपुर जिले के रहने वाले पंकज कुमार और सुमित कुमार के रूप में हुई है।
हरियाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुजफ्फरपुर के पश्चिमी एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें हरियाणा पुलिस के सुपुर्द करते हुए ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि साइबर ठग अब देश के अलग-अलग राज्यों को निशाना बनाने के लिए बिहार जैसे इलाकों को अपना सेफ जोन बना रहे हैं, जिस पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
