पटना/बिहार स्कैन
इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे देश भर के लाखों छात्रों के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2027 के लिए परीक्षा शहर (Exam City) चुनने के नियमों में बड़ा फेरबदल किया है। नए दिशानिर्देशों के मुताबिक, अब छात्र अपनी मर्जी से किसी भी राज्य का शहर नहीं चुन सकेंगे, बल्कि उन्हें अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य से ही परीक्षा शहर का चयन करना होगा। एनटीए के इस नए फैसले का सीधा असर परीक्षा फॉर्म भरने वाले हर एक अभ्यर्थी पर पड़ेगा।
पते के आधार पर ही मिलेगा परीक्षा शहर
नए नियमों के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी के स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य में चार से कम परीक्षा शहर उपलब्ध हैं, तो प्रशासनिक सुविधा को देखते हुए उन्हें दूसरे नजदीकी राज्य का शहर चुनने का विकल्प दिया जा सकता है। वहीं, विदेशी छात्रों या विदेश में रहने वाले भारतीयों को भी अपने पते के आधार पर ही शहर चुनना होगा, लेकिन उनके लिए भारत में कम से कम एक परीक्षा शहर चुनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, यदि किसी खास शहर में उम्मीदवारों की संख्या बहुत कम रहती है, तो एनटीए के पास उन शहरों को आपस में मर्ज करने का पूरा अधिकार सुरक्षित होगा।
बिहार के इन 11 शहरों में होगी परीक्षा
बिहार के छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि राज्य में जेईई मेन 2027 के आयोजन के लिए कुल 11 शहरों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें राजधानी पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण शामिल हैं।
औरंगाबाद के कोड को लेकर खास सावधानी
आवेदन के दौरान किसी भी तरह के कन्फ्यूजन से बचने के लिए छात्रों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। चूँकि बिहार और महाराष्ट्र दोनों जगहों पर औरंगाबाद नाम का शहर है, इसलिए बिहार के औरंगाबाद में सेंटर चुनते समय छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि शहर का कोड BR 01 ही हो।
कब आएंगे एडमिट कार्ड?
परीक्षा के शेड्यूल को लेकर भी तस्वीर साफ हो गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, JEE Main 2027 सेशन-1 का ई-एडमिट कार्ड 13 जनवरी 2027 से तथा सेशन-2 का एडमिट कार्ड 25 मार्च 2027 से आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव हो जाएगा। एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसकी कम से कम 4 हार्ड कॉपी सुरक्षित रख लें, क्योंकि परीक्षा केंद्र पर केवल अलॉटेड तारीख, शिफ्ट और सेंटर के हिसाब ही एंट्री मिलेगी।