समस्तीपुर में मेंटेनेंस के नाम पर ‘बिजली टॉर्चर’: रविवार को घंटों कटौती, गर्मी से लोग बेहाल

Samastipur Power Cut: समस्तीपुर शहर में बिजली कंपनी की लचर कार्यप्रणाली और दिखावटी मेंटेनेंस के कारण आम जनता भारी परेशानी का सामना कर रही है। लोगों के लिए रविवार का दिन छुट्टी और आराम का होता है, लेकिन बिजली विभाग के अभियंता और कर्मचारी इसी दिन मेंटेनेंस और पेड़ों की कटाई के नाम पर घंटों बिजली काटकर लोगों को भीषण गर्मी में बेहाल कर देते हैं।

कंपनी पूरे साल सब-स्टेशन, ट्रांसफार्मर और लाइनों के रखरखाव का बड़ा-बड़ा दावा करती है, इसके बावजूद शहर में स्थिति यह है कि जरा सी हवा चलने या हल्की बारिश होने पर ही बिजली गुल हो जाती है।

मनमर्जी और लचर व्यवस्था की हद

रविवार को भी ई-पावर हाउस से जुड़े कुछ क्षेत्रों में मेंटेनेंस के नाम पर खेल चला। ट्रांसफार्मर पर चढ़ी डालियों को काटने और सुरक्षित निस्तारण के लिए ताजपुर रोड फीडर संख्या छह को भी बंद किया गया। हैरानी की बात यह है कि एक ट्रांसफार्मर को बंद कर इस फीडर में बिजली सप्लाई दी जा सकती थी, लेकिन अपनी मनमर्जी के चलते विभाग ने पूरे एक घंटे तक इस फीडर को भी बंद रखा, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ी।

यही नहीं, सात बजे की जगह आठ बजे शटडाउन लेकर कार्य शुरू किया गया, जो विभाग द्वारा जारी की गई सूचना के पूरी तरह विपरीत है। उपभोक्ताओं का साफ कहना है कि यदि पेड़ों की छंटाई और मेंटेनेंस की सही तरीके से मॉनिटरिंग की जाए, तो बार-बार ट्री कटिंग के नाम पर बिजली कटौती की नौबत ही नहीं आएगी।

घटिया केबल बनी नई मुसीबत

दूसरी ओर, शहर में नंगे तारों की जगह लगाए गए कवर्ड एलटी (LT) केबल नई मुसीबत बन गए हैं। निम्न गुणवत्ता वाले इन तारों के कारण फाल्ट की घटनाएं और लाइन लॉस काफी बढ़ गया है। इन तारों में अक्सर आग लगने और गलने की शिकायतें आ रही हैं, जिस पर विभागीय अधिकारी पूरी तरह से मौन साधे बैठे हैं।

हालाँकि, तारों में आग लगने की बढ़ती घटनाओं और जनता के आक्रोश के बाद अब विभाग एलटी कवर्ड तार को डबल सर्किट में लगाकर लोड बांटने का काम कर रहा है। इसके बावजूद, बिजली कंपनी के लचर रवैये के कारण समस्तीपुर के शहरवासियों के लिए बिना रुके निर्बाध बिजली मिलना अब भी केवल एक सपना ही बनकर रह गया

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top