
मधुबनी में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, गर्दन में मारी गोली
मधुबनी गोलीकांड: मधुबनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के मंगरौनी गांव में आपसी विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
लौटते समय घेरकर की गई फायरिंग
मृत युवक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के खाजेडीह गांव निवासी निखिल झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निखिल किसी निजी काम से मधुबनी आए हुए थे। देर शाम जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी मंगरौनी गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ते ही आरोपी बलवंत झा ने पिस्तौल निकालकर निखिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उनकी गर्दन में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेंद्र कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।