पटना/बिहार स्कैन
स्वस्थ समाज और एक सशक्त व समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में बिहार सरकार ने एक बेहद अहम और बड़ा कदम उठाया है। राज्यभर में नशाखोरी के खिलाफ जन-जागरण को और तेज करने के लिए 27 अक्टूबर 2026 से एक महीने तक चलने वाले ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ का भव्य आगाज होने जा रहा है।
मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की उत्पाद आयुक्त दिव्या शक्ति (IAS) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह विशेष महाअभियान 27 अक्टूबर से शुरू होकर 25 नवंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर घर तक पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज को नई दिशा देना है।
चार हफ्तों की खास थीम, क्या है कार्ययोजना?
इस अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए पूरे महीने को चार अलग-अलग साप्ताहिक थीम में बांटा गया है, जिसके तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम होंगे:
-
प्रथम सप्ताह (27 से 31 अक्टूबर): “नगर की प्रतिज्ञा”
-
द्वितीय सप्ताह (01 से 07 नवंबर): “गाँव का संकल्प”
-
तृतीय सप्ताह (08 से 16 नवंबर): “पर्व और परिवार”
-
चतुर्थ सप्ताह (17 से 25 नवंबर): “युवा जोश”
स्कूलों और कॉलेजों में गूंजेगी नशामुक्ति की अलख
अभियान के चौथे सप्ताह यानी “युवा जोश” के दौरान प्रदेश के सभी उच्च विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भाषण प्रतियोगिता के जरिए युवा नशामुक्त समाज और इसके दुष्परिणामों पर बेबाक राय रखेंगे। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में नशामुक्ति शिक्षा की अनिवार्यता और सोशल मीडिया के प्रभावों पर मंथन होगा। इसके अलावा, चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र ‘दो राहें- एक चुनाव’, ‘नशामुक्त गाँव की एक सुबह’ और ‘मेरे सपनों का रंगीन बिहार’ जैसे विषयों पर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
नुक्कड़ नाटक, डॉक्यूमेंट्री और प्रभात फेरी से जुड़ेगा जनमानस
इस महाअभियान को व्यापक रूप देने के लिए प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय, पटना का भी सहयोग लिया जा रहा है। चिन्हित शिक्षण संस्थानों में मद्यनिषेध विभाग के प्रचार रथ के जरिए लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएंगी। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर टोला सेवक, तालीमी मरकज और कला जत्था के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक और आकर्षक स्लोगन के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। अभियान के समापन पर आगामी 26 नवंबर 2026 को ‘नशा मुक्ति दिवस’ के मौके पर भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
ऐसे होगी शुरुआत और कौन हैं नोडल अधिकारी?
इस महाअभियान का औपचारिक शुभारंभ 27 अक्टूबर को पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम से होगा। राज्य के प्रत्येक जिले में ‘विद्यार्थी शिविर’ लगाकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस मुख्य कार्यक्रम से जुड़ा जाएगा, जहाँ छात्र और अधिकारी मिलकर नशामुक्ति की शपथ लेंगे।
इस पूरे अभियान के सुचारू संचालन और आपसी समन्वय के लिए संयुक्त आयुक्त मद्यनिषेध श्री कृष्ण कुमार (मोबाइल नंबर: 9473400378) को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।