बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान दबंगों द्वारा की गई फायरिंग में छठ पर्व मनाने आई एक महिला को गोली लग गई। गंभीर रूप से जख्मी महिला को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
मायके आई महिला बनी खूनी संघर्ष का शिकार
घायल महिला की पहचान दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र के पौराम गांव निवासी सृष्टिनाथ झा की पत्नी रेनू कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रेनू इन दिनों लोक आस्था के महापर्व छठ को मनाने के लिए अपने मायके झखड़ा गांव आई हुई थीं।
सोमवार को उनके भाई विनय कुमार झा का पड़ोस के ही रहने वाले सरवन कुमार और उसके भाई अमित कुमार झा के साथ जमीन पर मिट्टी कटाई को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई।
फायरिंग में महिला को लगी गोली, ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा
आरोप है कि विवाद के दौरान सरवन कुमार और अमित कुमार ने आक्रोश में आकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली वहां मौजूद रेनू कुमारी को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े और घायल महिला को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इस बीच, भागने की कोशिश कर रहे आरोपी अमित कुमार झा को ग्रामीणों ने घेरकर दबोच लिया। गुस्से से उबल रहे लोगों ने उसकी जमकर पिटाई भी की और बाद में उसे हथियार सहित स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान चक्र गांव निवासी अमित कुमार झा के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, और पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
